बड्डूपुर (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र में शौच को गई एक युवती को अगवा कर दो युवकों ने उसके साथ दुराचार किया। घर पहुंची पीड़िता ने परिवारीजनों को मामले की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस से शिकायत की गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
बड्डूपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती शनिवार को रात में नित्यक्रिया करने के लिए खेत गई थी। पीड़िता का आरोप है कि रास्ते में पहले से बैठे गांव के ही निवासी संजय कुमार व एक अन्य युवक मिलकर उसका अपहरण कर बाइक पर बैठाकर बाग में ले गए और वहां पर दोनों ने उसके साथ दुराचार किया। इसके बाद आरोपी उसे वहीं छोड़कर भाग गए। देर रात जब युवती घर नहीं पहुंची तो परिवारीजनों से उसकी खोजबीन शुरू कर दी। इसके बाद मिलने पर युवती ने आप बीती परिवारीजनों को बताई। रविवार को पीड़ित पिता ने थाने पहुंचकर घटना की तहरीर पुलिस को देकर कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस ने एक युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है, जबकि युवती ने दो युवकों पर दुराचार करने का आरोप लगाया है। प्रभारी निरीक्षक बीपी यादव ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच की जा रही है। पीड़ित युवती के बयान के आधार पर संजय कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दूसरे युवक का इस घटना से कोई सरोकार नहीं है।