फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कुतों ने बालक को किया घायल, 10 बकरियों को मार डाला

विज्ञापन
विज्ञापन
बेलहरा (बाराबंकी)। सीतापुर में फैला आवारा कुत्तों का आतंक जिले की सीमा से सटे अंबेरा गांव तक आ पहुंचा। रविवार को सुबह चार कुत्तों ने गांव के तीन लोगों की 10 बकरियों को नोचकर मार डाला और बकरी चराने गए बालक पर हमला कर घायल कर दिया। किसी तरह घर में घुसकर बालक ने जान बचाई। ग्रामीणों की सूचना के बाद भी पुलिस व वन विभाग की टीम गांव में नहीं पहुंची, जिससे ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। कुत्तों से खतरे को देखते हुए ग्रामीणों ने टोली बनाकर रतजगा करने की तैयारी कर ली है।
विज्ञापन

मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र का अंबेरा गांव सीतापुर जिले के सीमा के करीब है। इस गांव से सटे सुर्जनपुर व मुंडाभारी गांव के चारों ओर घना जंगल है। अंबेरा गांव के हसीब व प्रधान दौलतराम ने बताया कि सुबह करीब छह बजे गांव के बाहर सुल्तान (11) पुत्र हुसेनी बकरियां चराने गया था। इसी दौरान चार कुत्ते आए और बकरियों पर हमला कर दिया। यह देख सुल्तान ने एक कुत्ते को डंडा मार दिया। इतने में सारे कुत्ते उस पर झपट पड़े। सुल्तान शोर मचाता हुआ गांव की ओर भागा और घर में घुसकर जान बचाई। इस दौरान उसका हाथ कुत्तों ने नोच डाला। कुत्तों ने गांव के ही नौसाद की छह, सलीम की एक व शकील की तीन बकरियों को नोचकर मार डाला। कुत्तों का आतंक देख ग्रामीणों ने लाठी-डंडा लेकर दौड़ा लिया। इस पर सभी कुत्ते पास के जंगल की ओर भाग गए। ग्राम प्रधान दौलतराम ने इसकी सूचना मोहम्मदपुर खाला पुलिस व वन विभाग को दी, लेकिन कोई भी गांव नहीं पहुंचा। सीतापुर में कुत्तों द्वारा बच्चों को नोचकर मारने की खबर से ग्रामीणों में दहशत है। खासकर बच्चे पूरे दिन घरों में ही दुबके रहे।

सामान्य नहीं थे चारों कुत्ते
घायल सुल्तान, नौसाद व हसीब का कहना है कि जो गांव के कुत्ते होते हैं, उनकी अपेक्षा यह कुत्ते काफी लंबे, ऊंचे और बड़े मुंह वाले लग रहे थे। कुत्ते रंग में काले, भूरे और चितकबरे होने के साथ काफी तंदुरुस्त थे। दहशतजदा गांव वालों ने टोली बनाकर रतजगा करने की योजना बनाई है। ग्रामीण एक दिन पूर्व एक वनरोज पर हमला किए जाने की बात भी कह रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन



कुत्तों को पकड़ने का काम नगर पालिका और नगर पंचायत का है। वन विभाग इसमें कुछ नहीं कर सकता।
- जावेद अख्तर, डीएफओ


अंबेरा गांव में आवारा कुत्तों द्वारा हमला किए जाने की जानकारी नहीं। शिकायत मिलेगी तो पुलिस भेजकर ग्रामीणों की मदद की जाएगी।
- राजेश कुमार, थानाध्यक्ष मोहम्मदपुर खाला
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें