18 को आ सकती सोनिया, विकास कार्यों से होंगी रूबरू
रायबरेली। सांसद सोनिया गांधी 18 अप्रैल को अपने संसदीय क्षेत्र आ सकती हैं। वह पौने दो साल बाद जिला सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में भी शामिल होंगी।
इसके लिए ग्राम्य विकास विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। हालांकि बीती 24 अप्रैल को ही यह बैठक होनी थी, लेकिन अचानक सोनिया गांधी का कार्यक्रम निरस्त होने से बैठक नहीं हो सकी थी। उनके भुएमऊ गेस्टहाउस में विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करने की भी उम्मीद है।
कई माह बाद फिर सांसद सोनिया के आने की संभावना जगी है। हालांकि निर्देश मिलने के बाद 18 अप्रैल को जिला सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक कराने के लिए ग्राम्य विकास विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी है।
जिला सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक बचत भवन में एक जून 2016 को आखिरी बार हुई थी। सांसद का बार-बार कार्यक्रम टलने से यह बैठक नहीं हो पा रही है।
बीती 24 फरवरी को यह बैठक कराने की तैयारी की गई थी। ऐन वक्त सोनिया का कार्यक्रम निरस्त होने के कारण बैठक नहीं हो सकी थी।
24 फरवरी को ही बैठक के बाद सोनिया को भुएमऊ गेस्टहाउस में विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास भी करना था।
सूत्रों का कहना है कि पीएमजीएसवाई की सड़कों के साथ ही एसआरएफ की सड़कों का शिलान्यास व लोकार्पण करना था। पायलट प्रोजेक्ट के तहत छह स्कूलों में आरओ प्लांट का शिलान्यास भी होना था।
हालांकि अब संभावित कार्यक्रम आने के बाद तैयारियां शुरू हो गई हैं। पीडी इंद्रसेन सिंह ने बताया कि 18 अप्रैल को जिला सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक कराने के निर्देश मिले हैं।
इसी कारण बैठक की तैयारियां शुरू करा दी गई हैं। उधर, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष वीके शुक्ला का कहना है कि सांसद की आने की संभावना है, लेकिन कब आएंगी। यह अभी तय नहीं है।