कुएं में मिली नवजात, एसएनसीयू में भर्ती
महाराजगंज (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय चंदापुर के पास सूखे कुएं में बुधवार को एक नवजात को जिंदा निकाला गया। कुआं करीब 20 फीट गहरा है।
बच्ची को जिला महिला अस्पताल स्थित सिक न्यू बॉर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) में भर्ती कराया गया है। उधर, नवजात को गोद लेने के लिए एक दंपती भी सामने आए।
चंदापुर गांव निवासी किसान सुखराम सुबह गेहूं काटने खेत जा रहा था। स्कूल के पास कुएं से नवजात के रोने की आवाज सुनने के बाद ग्रामीणों की मदद से उसे बाहर निकला गया।
करीब 20 फुट गहरे कुएं में मिली नवजात को खरोच तक नहीं थीं। डॉयल-100 पुलिस की मदद से आशा बहू बृजेश कुमारी ने नवजात को सीएचसी पहुंचाया।
उसका वजन भी बेहद कम था। जिसके बाद उसे महिला अस्पताल की एसएनसीयू में भर्ती कर लिया गया। नवजात किसकी थी, इसकी जानकारी अब तक नहीं हो सकी है।
शहर क्षेत्र के मनिका रोड निवासी आनंद श्रीवास्तव और उनकी पत्नी नवजात को गोद लेने के लिए अस्पताल पहुंचे। इसी तरह फुरसतगंज क्षेत्र के बलराम गुप्ता व उनकी पत्नी बबली बच्ची को गोद लेने के लिए जिला अस्पताल पहुंचे।