गौरीगंज। जिले के 199 माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को स्वस्थ रखने के लिए नए सत्र में योग सिखाया जाएगा। इससे करीब 90 हजार विद्यार्थियों को लाभ होगा। विद्यालयों में पढ़ाई के साथ योग की कक्षाएं अलग संचालित होंगी।
शारीरिक शिक्षकों को भी प्रशिक्षित किया जाएगा। योग कक्षाएं संचालित करने के लिए निदेशक का पत्र मिलने के बाद डीआईओएस ने सभी प्रधानाचार्यों को विद्यालय में प्रार्थना के बाद प्रतिदिन योग करवाने तथा एक कक्षा संचालित करने का आदेश दिया है।
माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के शारीरिक विकास व बीमारियों से बचाने के लिए शासन ने नए शैक्षिक सत्र से योग की कक्षाएं संचालित करवाने की योजना बनाई है।
कवायद सफल हो सके इसके लिए निदेशक माध्यमिक शिक्षा विभाग ने डीआईओएस को पत्र भेजकर सभी स्कूलों में कार्यरत शारीरिक शिक्षा के शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण देने के साथ योग की अतिरिक्त कक्षाएं संचालित करने का निर्देश दिया है।
निदेशक का पत्र मिलने के बाद डीआईओएस नंदलाल गुप्ता ने सभी प्रधानाचार्यों को पत्र भेजकर अपने-अपने विद्यालय में कार्यरत शारीरिक शिक्षा के शिक्षक को प्रार्थना के बाद सभी बच्चों को सामूहिक योग सिखाने के साथ ही कक्षा नौ, दस, 11 व 12 की कक्षाओं में योग से जुड़ा एक-एक पीरियड संचालित करने का आदेश दिया है।
डीआईओएस ने विद्यालय में प्रतिदिन सामूहिक योग क्रिया नहीं होने तथा कक्षाएं संचालित नहीं होने पर शारीरिक शिक्षा के शिक्षक व प्रधानाचार्य के खिलाफ विभागीय कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया है।
मालूम हो कि जिले में 199 में माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। इन विद्यालयों में योग सिखाए जाने से 89612 छात्र-छात्राओं को लाभ होगा।