फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सज गए मंदिर, नवरात्र आज से

विज्ञापन
विज्ञापन
बहराइच। नवरात्र पर्व रविवार से शुरू हो रहा है। तैयारियां पूरी हो गईं हैं। देवी मंदिर सज गए हैं। मंदिर के मुख्य द्वार पर बधाइयां बज रही हैं। भोर होते ही मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा अर्चना विधि विधान से शुरू होगी। मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों के उपासना के लिए रविवार से मंदिरों में भक्तों का सैलाब उमड़ेगा।
विज्ञापन


चैत्र नवरात्र रविवार से है। इसके लिए देवी मंदिरों में साफ-सफाई व रंग रोगन का कार्य शनिवार को पूरा कर लिया गया। कहीं तोरणद्वारों तो कहीं विद्युत झालरों से मंदिरों को सजाया गया है। शहर के मध्य स्थित सिद्धनाथ मंदिर, संहारिणी माता मंदिर, काली माता मंदिर, राम जानकी मंदिर में तैयारियां पूरी होने का दावा पुजारी कर रहे हैं।

सरयू तट पर स्थित मरी माता मंदिर में भी नवरात्र महोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। सिद्धनाथ मंदिर के महंत रवि गिरि ने बताया कि भोर होते ही मां शैलपुत्री की पूजा अर्चना विधि विधान से शुरू होगी। संहारिणी माता मंदिर व मरी माता मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरीकेडिंग रात में लगाई जाएगी।
विज्ञापन


पूजन सामग्रियों की दुकानें भी सज रही हैं। रिसियामोड़ के नगर व ग्रामीण अंचलों में देवी भक्तों में काफी उत्साह है। रिसिया के इंदिरानगर में स्थित दुर्गा मंदिर, गांवठ माता मंदिर, संतोषी माता मंदिर, हनुमान दुर्गा मंदिर तथा चकिया समय व मोहम्मदा मंदिर पर नवरात्र पर्व के मद्देनजर विशेष व्यवस्थाएं की गईं हैं।

अभिजित मुहूर्त में घट स्थापना का विशेष महत्व
पंडित शिवकुमार मिश्र ने बताया कि चैत्र व वासंतिक नवरात्र के प्रथम दिन मां दुर्गा की उपासना के लिए घर व मंदिरों में घट स्थापित किया जाता है। इस बार रविवार 18 मार्च को सुबह 11:38 बजे से दोपहर 12:30 बजे प्रतिपदा तिथि में अभिजित मुहूर्त है। यह मुहुर्त घट स्थापना के लिए बेहतर है। इस काल में घटस्थापना करें तो मां दुर्गा की विशेष कृपा प्राप्त होगी।

ऐसे करें कलश की स्थापना
घट स्थापना के पूर्व गोबर से स्वच्छ स्थान पर लेपन कर आंटे से वेदी बना लें या स्वच्छ स्थान पर चौकी रखकर उस पर लाल कपड़ा बिछा दें।

साबुत चावल के अक्षत छिड़कते हुए भगवान गणेश का स्मरण करें। मिट्टी के किसी उथले पात्र में मिट्टी डाल जौ बीज डालें। इस पात्र पर आम के पत्तों से सजा कलश स्थापित करें। उस पर रोली से स्वास्तिक चिन्ह बनावें और कलावा बांधे। कलश पर चावल से भरी कटोरी रखें और नारियल को चुनरी में लपेटकर मां दुर्गा का स्मरण कर आह्वान करें।

मंदिरों पर रहेगी पुलिस व्यवस्था
पुलिस अधीक्षक जुगुल किशोर ने बताया कि नवरात्र पर्व के मद्देनजर मंदिरों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। एक उपनिरीक्षक और चार सिपाहियों की ड्यूटी प्रत्येक मंदिर पर लगाई गई है। शहर में मुख्य मार्गों पर स्थित मंदिरों पर यातायात पुलिस के सिपाहियों को भी तैनात किया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें