लखनऊ। गोमतीनगर में फन मॉल के पास निजी कंपनी के कर्मचारी को दोस्त ने बंधक बनाया और फिर तीन साथियों के संग 20 हजार डॉलर की क्रिप्टो करेंसी लूट ली। पीड़ित ने गोमतीनगर थाने में चारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
गाजीपुर थानाक्षेत्र के शक्तिनगर निवासी रोहित मासीवाल विदेश में रहकर निजी कंपनी में काम करते हैं। कुछ ही दिन पहले वह घर आए थे। रोहित के अनुसार दो दिसंबर की रात 2:30 बजे वह कार से दोस्त योगेश के साथ फन मॉल से फिल्म देखकर लौट रहे थे। आरोप है कि साजिश के तहत योगेश ने मॉल से कुछ दूरी पर उनकी कार रुकवा दी। वह कुछ समझ पाते कि एक कार उनकी गाड़ी के पीछे और दूसरी आगे लग गई। इनसे इंदिरानगर निवासी समीर और दो अज्ञात लोग निकले।
आरोप है कि योगेश व उसके साथियों ने रोहित को गाड़ी से खींचकर अपनी कार में बिठा लिया। इसके बाद उन्हें बुरी तरह पीटा और जबरन उनके मोबाइल से 20 हजार डॉलर की क्रिप्टो करेंसी अपने मोबाइल में ट्रांसफर करा ली। फिर आरोपी भाग निकले।
घटना से रोहित काफी डर गए। उन्होंने रविवार को गोमतीनगर थाने में शिकायत की। इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि आरोपियों के मोबाइल फोन बंद हैं। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है।