कानपुर रोड से रायबरेली रोड और शारदा नहर के बीच बसे इलाकों की जलनिकासी पर नगर निगम 200 करोड़ रुपये खर्च करेगा। इसका सबसे ज्यादा फायदा आशियाना और एलडीए कॉलोनी के लोगों को होगा।
नगर निगम की योजना के मुताबिक, किला मोहम्मदी नाले को स्मार्ट-ड्रेनेज सिस्टम के रूप में बदला जाएगा। मुख्य वास्तुविद्, नगर निगम एसके जैन का कहना है कि इससे करीब 3.5 लाख की आबादी को फायदा होगा। नगर निगम के एक अधिकारी की मानें तो ड्रेनेज सिस्टम को एक साल में तैयार कर लिया जाएगा।
नगर निगम की योजना के मुताबिक, एक विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनाकर जोन-5 स्थित आशियाना, एलडीए कॉलोनी और नजदीकी इलाकों को ध्यान में रखकर स्मार्ट जल निकासी को सुनिश्चित किया जाना है। इस प्रोजेक्ट पर नगर निगम की टीम ने काम भी शुरू कर दिया है।
अभी तक बनी योजना में सबसे पहले किला मोहम्मदी नाला को रेल ट्रैक के नीचे चौड़ा किया जाएगा। यहां नाला काफी संकरा है जिससे पानी का बहाव बढ़ने पर निकासी नहीं हो पाती। इससे नजदीकी इलाकों में बारिश के समय जलभराव हो जाता है। इसके अलावा शहीद पथ के नीचे भी नाले का बेड ऊंचा हो जाने की वजह से पानी उल्टा लौटता है। यहां नाले की गहराई को बढ़ाकर बेड को नीचा किया जाएगा।