प्रदेश की करीब 20 लाख निराश्रित महिलाओं को इस सप्ताह ही पेंशन मिल जाएगी। इसके लिए औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। चालू वित्त वर्ष में उन्हें पहली तिमाही की भी पेंशन नहीं मिली थी। अमर उजाला द्वारा यह मुद्दा प्रमुखता से उठाने के बाद शासन ने तत्काल सभी औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
प्रदेश सरकार विधवा निराश्रित महिलाओं को 500 रुपये प्रति माह पेंशन देती है। 18 साल या उससे ऊपर की निराश्रित महिलाओं को यह सुविधा मिलती है, बशर्ते उनके परिवार की आमदनी दो लाख रुपये सालाना से अधिक न हो। वर्तमान में इस योजना से 23 लाख 49 हजार महिलाएं जुड़ी हैं। पेंशन का भुगतान लाभार्थियों के खातों में हर तिमाही भेजे जाने का प्रावधान है।