जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने बाहर से आने वाले लोगों की जांच के साथ ही सीएचसी स्तर पर सर्वे कर रोगियों को चिह्नित करने और टेस्टिंग कराए जाने के काम में सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि बढ़ रही मरीजों की संख्या को देखते हुए दस एंबुलेंस मथुरा व नोएडा से आई हैं। सभी एंबुलेंस में जीपीएस इंस्टॉल कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बैरीकेडिंग वाले कंटेंमेंट जोन में आवश्यक वस्तुओं की डोर-टू-डोर डिलीवरी सोमवार से कराने के निर्देश दिए हैं।
स्मार्ट सिटी सभागार में बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने एंबुलेंस के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने जीपीएस इंस्टॉल करने के बाद एम्बुलेंसों की मॉनिटरिंग के लिए स्मार्ट सिटी में ही एक कंट्रोल रूम बनाने के भी निर्देश दिए। तत्काल भर्ती कराने के लिए एंबुलेंस का प्रोटोकॉल बनाया गया है। इसमें एल टू व एल थ्री मरीजों को जीवीके एंबुलेंस से हॉस्पिटल भेजा जाता है। वहीं एल वन मरीजों को मुख्य चिकित्साधिकारी की कंट्रोल सेंटर में रहने वाली एंबुलेंस से भर्ती कराया जाता है। बैठक में एंबुलेंस के स्टाफ की ट्रेनिंग भी कराने के निर्देश दिए गए।