विधान परिषद में शिक्षक स्नातक की 11 सीटों पर हो रहे चुनाव में 199 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा। मंगलवार को नामांकन वापसी के अंतिम दिन स्नातक क्षेत्र आगरा से तीन, मेरठ से दो, लखनऊ व वाराणसी से एक-एक उम्मीदवार ने नामांकन वापस लिया।
शिक्षक क्षेत्र आगरा से एक और बरेली-मुरादाबाद से तीन उम्मीदवारों ने नामांकन वापस लिया। इस तरह कुल 11 उम्मीदवारों ने नाम वापस ले लिए। ऐसे में स्नातक क्षेत्र की 5 सीटों पर अब 114 और शिक्षक क्षेत्र की 6 सीटों पर 85 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा।
नामांकन वापसी के बाद स्नातक क्षेत्र लखनऊ में 24, आगरा में 22, इलाहाबाद-झांसी में 16, मेरठ में 30 और वाराणसी में 22 उम्मीदवारों के बीच चुनाव होगा। शिक्षक क्षेत्र लखनऊ में 11, आगरा में 16, बरेली-मुरादाबाद में 15, गोरखपुर-फैजाबाद में 16, मेरठ में 15 और वाराणसी में 12 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा।
गौरतलब है कि विधान परिषद की 11 सीटों पर चुनाव के लिए कुल 215 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था। जांच में पांच उम्मीदवारों के नामांकन निरस्त हो गए थे।