अमेठी। जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम ने मंगलवार को शहर स्थित मनीषी महिला महाविद्यालय में विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण मतदाता पंजीकरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले की सभी विधानसभाओं की निर्वाचक नामावलियों का समय सारिणी के अनुसार पुनरीक्षण कार्य पूरा कराने का निर्देश अफसरों व कर्मचारियों को दिया।
डीएम अरुण कुमार ने बताया कि पुनरीक्षण पूर्व एवं विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 17 नवंबर को एकीकृत निर्वाचक नामावली का आलेख्य प्रकाशन, 17 नवंबर से 15 दिसंबर तक दावा आपत्ति दाखिल होगी। 22 नवंबर, 28 नवंबर, पांच दिसंबर व 13 दिसंबर को पुनरीक्षण के लिए विशेष अभियान संचालित होगा।
पांच जनवरी को दावे व आपत्तियों का निस्तारण, 14 जनवरी को स्वास्थ्य मापदंडों की जांच और अंतिम प्रकाशन के लिए आयोग की अनुमति व अद्यतन डेटाबेस और पूरक सूचियों की छपाई तथा 15 जनवरी को निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
डीएम ने कहा कि इस अवधि में अर्हता एक जनवरी 2021 के आधार पर 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नागरिक जिनका नाम निर्वाचक नामावली में शामिल नहीं है उनका नाम फार्म-छह भरकर निर्वाचक नामावली में शामिल कराया जाएगा। कहा कि निर्वाचक नामावली में शामिल मृतक, डुप्लीकेट, स्थायी रूप से शिफ्टेड मतदाताओं का चिन्हांकन किया जाएगा।
मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि यथा नाम, पिता/पति का नाम, मकान संख्या, आयु, लिंग, फोटो का शुद्ध कराने हेतु प्रारूप-आठ पर आवेदन किया जाएगा। बताया कि निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा अपने क्षेत्राधिकार के अंतर्गत निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण कार्यक्रम को स्थानीय समाचार पत्रों में प्रकाशित करेंगे तथा सार्वजनिक जानकारी हेतु संबंधित कार्यालयों की सूचना पट पर प्रदर्शित किया जाएगा।
परीक्षण के दौरान पडने वाले सार्वजनिक अवकाश दिवसों में संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे। इस मौके पर एसडीएम गौरीगंज संजीव कुमार मौर्य, तहसीलदार घनश्याम भारतीय व राजस्व् निरीक्षक शैव्या मिश्रा तथा समस्त बीएलओ व सुपरवाइजर मौजूद रहे।