बाराबंकी। जिले मेें तैनात एसपी अनिल कुमार सिंह का 11 महीने का कार्यकाल विवादों से घिरा रहा। लगातार बढ़ते अपराध से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे। सोशल मीडिया से वायरल वीडियो में एक सिपाही ने एसपी पर थाने बेचने का आरोप लगाया। शनिवार को शासन की ओर से जारी की गई तबादला लिस्ट में वीपी श्रीवास्तव को जिले का नया एसपी बनाया गया है।
मई 2017 में जिले में एसपी पद तैनात हुए अनिल कुमार सिंह का शासन द्वारा तबादला कर दिया गया है। करीब 11 महीने के कार्यकाल में हत्या, लूट, चोरी, डकैती जैसी दर्जनों वारदातें सामने आईं। एक तरफ जहां वसूली के आरोप लगते रहे, वहीं पुलिस अपराध को रोकने में नाकाम रही। जैदपुर पुलिस द्वारा एक पासपोर्ट बनाने के मामले में एसपी ने चार सिपाहियों को निलंबित कर दिया, लेकिन थानाध्यक्ष पर कोई कार्रवाई की। जिसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
इसी बीच बीते सप्ताह एक सिपाही द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में एसपी अनिल कुमार सिंह के खिलाफ एक सिपाही द्वारा थाने बेचने व रिश्वतखोरी का आरोप लगाया गया। इस मामले को डीजीपी ने संज्ञान में लेते हुए जांच के आदेश दिए, जिसके बाद तबादला कर दिया गया। वीपी श्रीवास्तव को जिले का नया एसपी बनाया गया है।