सीतापुर। पिसावां थाना क्षेत्र में पिटाई से घायल युवक की रविवार की रात मौत हो गई। परिवारीजनों ने गांव के ही कई लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। आरोपी पुलिस की पकड़ से अभी दूर हैं।
पिसावां थाना क्षेत्र के महतनिया गांव निवासी प्रकाश (30) ने बीती रात दम तोड़ दिया। परिवारीजनों का आरोप है कि आठ नवंबर को गांव के मनोज, चमन, लल्लू ने रास्ते के विवाद में प्रकाश को लाठी-डंडों से जमकर पीटा था, जिसमें प्रकाश को गंभीर चोटें आई थीं। परिवारीजनों का कहना है कि घायल प्रकाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसके बाद डॉक्टरों ने उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया था। वहां कुछ दिन इलाज कराने के बाद परिवार के सदस्य उसे घर ले आए थे। रविवार की रात उसी चोट की वजह से अचानक प्रकाश की तबीयत बिगड़ गई। परिवारीजन उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, इसी बीच प्रकाश ने दम तोड़ दिया। परिवारीजनों का आरोप है कि मनोज शातिर अपराधी है। इसके बावजूद पुलिस कोई ठोस कार्रवाई नहीं करती है। घटना के संबंध में पीड़ित परिवार ने मनोज समेत तीन लोगों के खिलाफ पिसावां थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष जयशंकर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर इस मामले में गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।