डेंगू मच्छरों का लार्वा मिलने पर एआरएम व सीएमएस को नोटिस
रायबरेली। बारिश में डेंगू के फैलने के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने रविवार को लोगों के घरोें और सरकारी कार्यालयों में दस्तक दी। टीम ने लोगों से मुलाकात की। उनकेे कूलर के पानी को चेक किया। साथ ही उनसे साफ-सफाई की जानकारी ली। रायबरेली डिपो की कार्यशाला और जिला महिला चिकित्सालय की पुरानी पानी की टंकी में मच्छरों के लार्वा मिले। इस पर एआरएम और सीएमएस को नोटिस दिया गया। टीम के सदस्यों ने लोगों से साफ-सफाई और कूलर का पानी नियमित रूप से बदलने के निर्देेश दिए।
सीएमओ डॉ. डीके सिंह ने फाइलेरिया निरीक्षक अरुण कुमार, मान सिंह, मलेरिया अधिकारी नीलम मौर्या और किट संग्रहकर्ता किशोर कपूर, फील्ड कर्मचारी अजय वर्मा, रामममिलन की दो टीमें गठित कर डेंगू की रोकथाम के लिए निरीक्षण करने के निर्देश दिए। टीम रविवार को अमरीशपुरी कॉलोनी में अशोक पांडेय, निराला नगर में एसके शर्मा, रमेश जायसवाल, हेम्ना शुक्ला, संजीव श्रीवास्तव, वीरेंद्र सिंह, केके श्रीवास्तव, भानू श्रीवास्तव, जयंत मिश्रा के घर पहुंची। सदस्यों ने कूलर, पानी की टंकियां चेक कीं। इस दौरान यहां पर मच्छरों के लार्वा नहीं पाए गए। टीम ने पुरुष जिला चिकित्सालय, महिला जिला चिकित्सालय, सीडीओ का आवासीय परिसर, जिला पुलिस अधीक्षक का आवासीय परिसर, सीएमओ का आवासीय परिसर, सिटी मजिस्ट्रेट का आवासीय परिसर, रायबरेली डिपो की कार्यशाला का भी जायजा लिया। महिला अस्पताल की पुरानी पानी की टंकी में और रायबरेली की कार्यशाला में भी पानी की टंकी में मच्छरों के लार्वा मिले हैं, जिससे डेंगू फैलने की आशंका थी। साफ-सफाई कराई गई। सीएमओ ने बताया कि एआरएम और सीएमएस को नोटिस दिया गया है। जांच अभियान जारी रहेगा। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।