अयोध्या। साकेत महाविद्यालय में शनिवार को संचालित हो रही बीपीएड व बीएड की परीक्षा के दौरान द्वितीय पाली में बीपीएड की एक छात्रा को चेकिंग के दौरान उड़ाका दल ने नकल सामग्री के साथ पकड़ लिया, जिसके बाद उसे रिस्टीकेट कर दिया गया। छात्रा को निष्कासित करने पर अन्य परीक्षार्थी भड़क उठे और परीक्षा का बहिष्कार करते हुए महाविद्यालय गेट पर नारेबाजी की। परीक्षार्थियों ने महाविद्यालय प्रशासन पर अभद्रता का भी आरोप लगाया। ये सभी छात्र अवध विश्वविद्यालय परिसर के बताए जा रहे हैं।
हंगामे की सूचना पर थाना रामजन्मभूमि प्रभारी अजीत सिंह, कोतवाली अयोध्या के एसएसआई सर्वेश अस्थाना सहित अन्य पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा। परीक्षार्थी गुंजन मिश्र, रत्नेश त्रिपाठी, प्रशांत सिंह, शिवेंद्र सिंह, अंकुर सिंह, हर्ष सिंह, आलोक शुक्ल, प्रियंका यादव सहित अन्य ने चेकिंग के दौरान अभद्रता करने व मारपीट का आरोप लगाते हुए महाविद्यालय प्रशासन के विरोध में नारेबाजी की।
सूचना पर एडीएम सिटी विन्ध्यवासिनी राय व एसपी सिटी अनिल सिंह सिसौदिया भी महाविद्यालय पहुंचे और आक्रोशित छात्रों को समझा-बुझाकर शांत कराया। एसपी सिटी ने कहा कि बच्चों ने मारपीट का आरोप लगाया है, जिन बच्चों के साथ मारपीट हुई है उनका मेडिकल कराया जाएगा। महाविद्यालय प्रशासन से भी वार्ता हुई है पूरे घटनाक्रम की जांच कराई जाएगी। इस बाबत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि शनिवार को महाविद्यालय में परीक्षा के दौरान विश्वविद्यालय उड़ाका दल की टीम ने बीपीएड की परीक्षार्थी गुंजन को नकल सामग्री के साथ पकड़ लिया। जिसके बाद अन्य परीक्षार्थी उसे छोड़ने का दबाब बनाने लगे न छोड़ने पर परीक्षा का बहिष्कार कर दिया और परीक्षा का माहौल खराब करने का प्रयास किया। उन्होंने मारपीट एवं अभद्रता की घटना से इंकार करते हुए बताया कि समस्त घटनाक्रम सीसीटीवी फुटेज में कैद है। अनुशासनहीनता के आरोप में 23 छात्रों को निष्कासित किया गया है।