हैदरगढ़ (बाराबंकी)। मिर्चिया गांव में अनाज वितरण में धांधली का आरोप लगाते हुए उपभोक्ताओं ने तहसील में विरोध प्रदर्शन किया। एसडीएम से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
विकास खंड सिद्धौर के मिर्चिया गांव में अनाज वितरण में धांधली की शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने से उपभोक्ता आंदोलित हैं। अंत्योदय कार्डधारक किस्मत अली, आलिया बानो, रामराज, ओमप्रकाश, सतीश शुक्ला, बैजनाथ, रामनरेश, निजामुद्दीन, महमूद, अशोक, रामचरन, योगेंद्र, नसीम, गड्डू, रामशरण, रमेश आदि ने शपथ पत्र के साथ तहसील पहुंचकर एसडीएम से शिकायत की। इन लोगों का कहना है कि गांव के कोटेदार मनीराम की दबंगई से उपभोक्ता परेशान हैं। महीने में एक दो दिन दुकान खोलकर वितरण कर देता है जो नहीं पहुंचे, उनको दोबारा राशन नहीं मिलता है। कई बार शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं होने पर उपभोक्ताओं ने तहसील में विरोध प्रदर्शन किया। उपभोक्ताओं ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर जांच कर कोटेदार के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। पूर्ति निरीक्षक मनोज कुमार ने कहा कि शिकायत पर एआरओ जांच कर रहे है। कोटेदार को आरोप पत्र दिया गया है, जिसके जवाब के बाद वितरण पर्यवेक्षक की रिपोर्ट व छह माह के अभिलेखों की जांच की जा रही है।