आंधी-बारिश से हादसों में दो की मौत
सुल्तानपुर/अमेठी। आंधी-पानी की चपेट में आने से बुधवार को बाइक सवार किशोर समेत दो लोगों की जान चली गई। वहीं, नलकूप के छप्पर पर बिजली गिरने से आग लग गई। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
सुल्तानपुर जिले के बल्दीराय थाना क्षेत्र के परसपुर गांव निवासी विजय गुप्ता का 14 वर्षीय बेटा विशाल बुधवार दोपहर कुछ सामान खरीदने के लिए बाइक से बाजार जा रहा था।
अचानक आई तेज आंधी के बाद हुई बरसात से पूरे भंजन शुक्ल के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। गंभीर रूप से घायल विशाल को लेकर परिवारीजन जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दूसरी घटना कूरेभार थाना क्षेत्र के अतरसुमा गांव की है। बुधवार दोपहर आंधी-बारिश के दौरान प्राइमरी पाठशाला के बगल में स्थित गांव के ही नन्हें यादव के ट्यूबवेल पर रखे छप्पर पर अचानक बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बिजली गिर गई। इससे छप्पर में आग लग गई। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
तीसरी घटना अमेठी के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के मऊ अतवारा गांव की है। गांव निवासी रामचरन (32) पुत्र संतोखी बुधवार दोपहर बाइक से बाजार जा रहा था।
रास्ते में अचानक आई तेज आंधी के दौरान रुद्रपुर के पास रामचरन की बाइक सड़क किनारे विद्युत पोल से टकरा गई।
गंभीर रूप से घायल रामचरन को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। परिवारीजन उसे लेकर लखनऊ जा रहे थे कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
रामचरन की मौत से उसके घर में कोहराम मचा है। उसके परिवार में मां सुमन के साथ ही पत्नी सीमा और पांच बच्चे अरुण (13), आरिया (11), नीलम (9), ज्योति (6) और दो साल का अंकित है। रामचरन की मौत से पत्नी बेसुध हो गई है।