कोटेदार की शिकायत करने पर युवक को गोली मारी
बाराबंकी। गांव के कोटेदार की शिकायत करना युवक को महंगा पड़ गया। युवक को बाइक सवार दो बदमाश गोली मारकर भाग गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को सीएचसी में भर्ती कराया है।
सुबेहा थाना क्षेत्र के रतौली मजरे कुड़वा गांव निवासी रामकुमार (25) पुत्र गुरुदीन शनिवार शाम रमेश की दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान बाइक से आए दो युवकों ने रामकुमार को गोली मार दी।
फायरिंग की आवाज सुनकर दौड़े ग्रामीणों को देखकर बाइक सवार हमलावर भाग गए। घायल रामकुमार ने किर्षिया गांव निवासी मोहित कुमार व एक अज्ञात पर जानलेवा हमला कर भागने का आरोप लगाया है।
रामकुमार का कहना है कि, उसने गांव में सार्वजनिक वितरण प्रणाली में धांधली की शिकायत की थी। इस पर उचित दर विक्रेता की दुकान निलंबित चल रही है।
आरोप है कि, शिकायत वापस लेने का दबाव बना रहे निलंबित कोटेदार अशोक सिंह ने ही साजिश रचकर रामकुमार पर जानलेवा हमला कराया है। सूचना पर पहुंची सुबेहा पुलिस ने मौके की जांच कर घायल रामकुमार को सीएचसी हैदरगढ़ में भर्ती कराया।
थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि, मौजूदा प्रधान व पूर्व प्रधान के बीच वर्चस्व को लेकर विवाद है। पुलिस मौके की जांच कर चिकित्सीय परीक्षण रिपोर्ट व ग्रामीणों के बयान के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करेगी।