रायबरेली। भीषण गर्मी और उमस ने झूठी बयानबाजी करने वाले पावर कॉर्पोरेशन के अभियंताओं की पोल खोल दी है। सुधार के नाम पर करोड़ों रुपये का वारा-न्यारा होने के बावजूद उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल रही है। तीन दिन बाद तेलियाकोट उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति पटरी पर लौटी, लेकिन अव्यवस्थाएं अभी भी बरकरार हैं। महीने से खराब वैक्यूम सर्किट ब्रेकर (वीसीबी) को नहीं बदलवाया जा रहा है। मेंटीनेंस के अभाव में आईटीआई का पांच एमबीए का ट्रांसफार्मर खराब हो गया। दिनभर टेस्टिंग हुई, लेकिन ट्रांसफार्मर नहीं चला। अंत में पूरा लोड दूसरे ट्रांसफार्मर डाल दिया गया। इससे ट्रिपिंग की समस्या से लोगों को जूझना पड़ रहा है।
तेलियाकोट उपकेंद्र में सबसे ज्यादा बिजली चोरी होती है, जिसे रोकने में अफसर नाकाम साबित हो रहे हैं। यही वजह है कि उपकेंद्र ओवरलोड है। बीते शुक्रवार को 33 केवीए लाइन में आई खराबी से उपभोक्ता बेहाल रहे। बीच में कई बार बिजली आई तो वीसीबी दगा दे गई। इसके बावजूद वीसीबी को नहीं बदला गया। उसी वीसीबी को ठोक-पीटकर चलाया गया। आईटीआई उपकेंद्र में लगे पांच एमबीए ट्रांसफार्मर में खराबी आने से आपूर्ति ठप हो गई। पूरा लोड 10 एमबीए के दूसरे ट्रांसफार्मर में रखा गया। इससे ट्रिपिंग की समस्या से लोगों को बेहाल होना पड़ा।
प्रगतिपुरम उपकेंद्र की घंटों बिजली गुल
शहर के विद्युत उपकेंद्र प्रगतिपुरम की 33 केवी लाइन में फॉल्ट आने से करीब एक दर्जन मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। शाम चार बजे आई खराबी रात 11 बजे ठीक हो सकी। इससे उपभोक्ताओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। उपभोक्ता शिवप्रकाश, दिवाकर, अखिलेश वाजपेयी ने बताया कि शहर की बिजली व्यवस्था सुधरने का नाम ले रही है। ट्रिपिंग की समस्या से लोग बेहाल है। आए दिन लाइनों में फॉल्ट आता है। इसके बावजूद सुधार नहीं हो रहा है।
अधिक बिजली चोरी के चलते बंद रहता राजघाट फीडर
तेलियाकोट से निकले राजघाट फीडर में सबसे ज्यादा बिजली चोरी होती है। एक्सईएन एके दोहरे का कहना है कि, ये फीडर ओवरलोड है और बिजली चोरी भी होती है। यही वजह है कि इस फीडर को बंद कर दिया जाता है। उन्होंने बताया कि, ओवरलोड होने के चलते 33 केवीए लाइन में खराबी आ गई थी। प्रगतिमपुरम की लाइन में खराबी आने से आपूर्ति बंद थी।
सेमरौता पावर हाउस का घेराव 13 को
इन्हौना। अमेठी के सिंहपुर ब्लॉक क्षेत्र की बिजली आपूर्ति में कोई सुधार नहीं हो रहा है। इससे खफा उपभोक्ता 13 जुलाई को विद्युत उपकेंद्र सेमरौता का घेराव करेंगे। समाजसेवी प्रभात द्विवेदी ने बताया कि, 18 घंटे में महज आठ से 10 घंटे ही बिजली मिल रही है। इससे आम जनता गर्मी में बेहाल है। कई बार आवाज उठाने के बावजूद सुधार नहीं हो रहा है।