बिसवां (सीतापुर)। कोतवाली क्षेत्र में चोर एक शिक्षिका के घर से दिनदहाड़े लाखों का माल समेट ले गए हैं। पीड़ित ने इस संबंध में कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस जांच की बात कह रही है।
कस्बा के मोहल्ला शंकर गंज निवासी अर्चना त्रिपाठी शिक्षिका है। अर्चना की तैनाती क्षेत्र के मोहम्मदापुर प्राथमिक विद्यालय में है। गुरुवार को शिक्षिका घर में ताला लगाकर स्कूल गई थी।
इसी बीच चोरों ने उनके घर का ताला तोड़ दिया। इसके बाद चोरों ने घर में रखे बक्से व अलमारी के ताले तोड़ डाले। चोर यहां से 20 हजार की नकदी, सोने व चांदी के जेवर, कपड़े, बर्तन आदि सामान समेट ले गए।
इधर स्कूल में छुट्टी होने के बाद शिक्षिका जब घर पहुंचीं, तब घर के दरवाजे खुले और भीतर का कीमती सामान गायब मिला। शिक्षिका ने पुलिस को बताया कि चोर करीब साढ़े तीन लाख का माल समेट ले गए हैं।