अमित शाह की रैली 21 को
रायबरेली। शहर के जीआईसी मैदान में 21 अप्रैल को आयोजित भाजपा की रैली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह शामिल होंगे।
रैली में सीएम योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या व डॉ. दिनेश शर्मा के अलावा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र पांडेय भी मौजूद रहेंगे।
कई केंद्रीय मंत्रियों के भी इस रैली में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। बुधवार को जिला पंचायत सभागार मेें भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप यादव ने बताया कि जिस तरह पीएम नरेंद्र मोदी ने देश को कांग्रेस मुक्त कर दिया है। ठीक उसी प्रकार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह रायबरेली को भी कांग्रेस मुक्त करने केे लिए यहां आ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस एमएलसी दिनेश सिंह, उनके भाई व जिला पंचायत अध्यक्ष अवधेश सिंह के साथ ही कांग्रेस के कई दिग्गज 21 अप्रैल को होने वाली रैली में पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे।
उन्होंने कहा कि सांसद सोनिया गांधी डेढ़ साल बाद जब संसदीय क्षेत्र में आएंगी तो विकास होने की कोई संभावना नहीं की जा सकती है।
इसी कारण कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पार्टी का दामन छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि रैली में जिले के सभी जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, प्रधानों के साथ ही एक लाख से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना जताई है।