अंबेडकरनगर। केंद्रीय मार्ग निधि ने लगभग 28 करोड़ रुपये की लागत से जलालपुर से न्यौरी तक के 16 किलोमीटर लंबे मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण को हरी झंडी दे दी है। इससे लगभग 70 हजार आबादी को सीधे तौर पर सुगम आवागमन का लाभ निर्माण के साथ ही मिलने लगेगा। उधर, आलापुर तहसील के दो प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का अनुमोदन भी हो गया है। लगभग 38 करोड़ की लागत से इन मार्गों का भी चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इससे लगभग 50 हजार की आबादी को लाभ मिलना तय माना जा रहा है। उधर, भाजपा सांसद हरिओम पांडेय ने दावा किया है कि जल्द ही तीनों मार्गों का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
भारत सरकार ने केंद्रीय सड़क निधि के तहत प्रदेश के 108 मार्गों के निर्माण को स्वीकृति दी है। इनमें अंबेडकरनगर के भी तीन मार्ग शामिल हैं। इन मार्गों में सबसे प्रमुख मार्ग है जलालपुर से रफीगंज होते हुए न्यौरी तक का मार्ग। लगभग 16 कि लोमीटर लंबे इस मार्ग का निर्माण 27 करोड़ 16 लाख 89 हजार रुपये से किया जाएगा। इसमें मार्ग की चौड़ाई बढ़ाने के साथ ही मार्ग का सुदृढ़ीकरण भी शामिल है। इस मार्ग के बनने से जलालपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। हालांकि सीधे तौर पर लगभग 70 हजार की आबादी को इसका लाभ मिलेगा, लेकिन विधानसभा क्षेत्र के अन्य हिस्से के लोग भी इस मार्ग का लाभ जब तब उठा सकेंगे। पवित्र गोविंद साहब जाने के लिए इस मार्ग का प्रयोग करने में सुगमता होगी।
केंद्रीय मार्ग निधि ने इसके अलावा 15 किमी लंबे बसखारी से रामनगर तथा 14 किमी लंबे रामनगर से जहांगीरगंज मार्ग निर्माण को भी अपनी हरी झड्डडी दे दी है। गौरतलब है कि अमर उजाला ने एक दिन पहले ही इस आशय का समाचार प्रमुखता से प्रकाशित किया था कि जल्द ही इन मार्गों के निर्माण की हरी झंडी मिल सकती है। अब केंद्रीय निधि से लगभग 38 करोड़ रुपये की लागत से इन दोनों मार्गों के सुदृढ़ीकरण और चौड़ीकरण की अनुमति दी गई है। इन दोनों मार्गों के बनने से लगभग 50 हजार की आबादी को लाभ मिलेगा। मंगलवार की शाम सांसद हरिओम पांडेय ने तीनों मार्गों का केंद्रीय मार्ग निधि से चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कराए जाने के निर्णय की पुष्टि की। सांसद ने बताया कि उनके प्रस्ताव के आधार पर इन तीनों मार्गों का निर्माण कराया जाएगा। जल्द ही इसके लिए धन का आवंटन हो जाएगा। इसके बाद प्राथमिकता के आधार पर काम शुरू करा दिए जाएंगे। कई अन्य मार्गों का भी निर्माण जल्द ही सुनिश्चित कराया जा रहा है।