हैरिंग्टनगंज (फैजाबाद)। जमीन के विवाद में एक युवक के साथ बदसलूकी व चौकी में उसकी पिटाई करने का आरोप चौकी प्रभारी पर लगाया गया है। दरोगा की मनमानी से नाराज लोगों ने शाहगंज पुलिस चौकी पर पहुंच कर आक्रोश जताया। मामले के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने चौकी का घेराव कर करीब दो घंटे तक हंगामा भी किया। मामले की नजाकत समझते हुए एसपी ग्रामीण ने जांच का आश्वासन दिया तो लोग शांत हुए। इनायतनगर कोतवाल धीरेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष आपस में लड़ गए थे। दोनों का शांतिभंग में चालान किया गया है।
शाहगंज चौराहा निवासी रामतीरथ व राजेश कुमार चौहान के बीच तालाब की जमीन को लेकर विवाद हो रहा था। जिसमें चौकी इंचार्ज ने पहुंच कर राजेश को अपना कब्जा हटाने के लिए कहा। कब्जा नहीं हटाने पर दरोगा संजय कुमार सिंह ने शुक्रवार को राजेश कुमार का 151 में चालान कर दिया।
आरोप है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिल्कीपुर में मेडिकल करवाने के बाद खार खाए दरोगा संजय कुमार सिंह ने राजेश कुमार को बीकापुर एसडीएम कोर्ट पर न ले जाकर शाहगंज चौकी ले आए, जहां पर उनकी पिटाई की।
जानकारी मिलते ही भाजपा के मंडल अध्यक्ष इंद्रसेन सिंह, मंडल महामंत्री अनिल उपाध्याय, सांसद प्रतिनिधि शिव कुमार सिंह, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष अनिल पाठक, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष डिंपल सिंह समेत सैकड़ों लोग शाहगंज चौकी पहुंचे और घेराव व नारेबाजी करते हुए चौकी प्रभारी को हटाने की मांग करने लगे।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण संजय कुमार ने कहा कि चौकी इंचार्ज के खिलाफ युवक को मारने-पीटने की शिकायत मिली है। जल्द ही जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।