वारदात स्थल का मुआयना करते पुलिसकर्मी।
- फोटो : amar ujala
मसौधा (फैजाबाद)। बरगदिया गांव में गणतंत्र दिवस की सुबह करीब 10 बजे ताश खेलने के विवाद में दो पक्ष भिड़ गए। मारपीट में बच्ची समेत पांच लोग घायल हो गए। इस दौरान एक छप्पर और पशुशाला में आग लगा दी गई। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सीओ अयोध्या ने 9 नामजद समेत 15 अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसपी सिटी अनिल कुमार सिसौदिया ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात करीब 9:30 बजे बरगदिया निवासी रामदास यादव और राम कलप उर्फ बोधे यादव के दरवाजे पर परिवार से संबंधित कुछ लड़के ताश खेल रहे थे और कुछ अलाव ताप रहे थे। यह पड़ोसी मो. इमरान को नागवार गुजरा और उसने वहां से जाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों गुटों में कहासुनी हुई। आरोप है कि सलमान नामक युवक ने संदीप यादव का कॉलर पकड़ लिया और मारपीट की। शिव दास यादव की पशुशाला में आग लगा दी गई। घटना में संदीप यादव घायल हो गया।
एसपी ने बताया कि पीड़ितों का कहना है कि शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे जब थाने पर जाने के लिए संदीप, रमेश और राहुल यादव घर से निकलकर राम कलप यादव के घर के पास पहुंचे तो कोचिंग स्कूल की छत से दूसरे पक्ष के लड़कों ने ईंट पत्थर से हमला कर दिया। इसमें रमेश यादव, राहुल यादव, आलोक यादव, अनीता यादव व राम कृपाल चौहान घायल हो गए। सूचना मिलते हीे पीएसी, दंगा नियंत्रण दल, समेत एसपी सिटी अनिल कुमार सिसौदिया, सीओ अयोध्या राजू साव समेत दो थानों की फोर्स गांव पहुंची और स्थिति को संभाला।
पुलिस ने सज्जन बेग, जहूर बेग, जुल्फिकार बेग और आमिर खान को गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी ने मामले में पूराकलंदर पुलिस और पीवीआर की शिथिलता पर कार्रवाई के लिए सीओ अयोध्या राजू कुमार साव को जांच के आदेश दे दिए हैं। एसएसपी सुभाष चंद्र बघेल ने मौके पर पुलिस, पीएसी और दंगा नियंत्रण दल गांव में तैनात कर दिया है। सीओ अयोध्या ने बताया कि पीड़ित प्रदीप कुमार यादव की तहरीर पर 9 नामजद और 15 अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है। चार लोग गिरफ्तार किए गए हैं।