नानपारा (बहराइच)। मंडप सजा था। सोमवार को बारात आनी थी, पर महज बाइक और 50 हजार नकद के लिए दूल्हे पक्ष ने बारात लाने से इन्कार कर दिया। इससे वधू पक्ष के लोग मायूस हो गए। घर पर जुटे रिश्तेदार भी चले गए। लड़की के पिता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।
कोतवाली नानपारा अंतर्गत बंजारनटांड़ा निवासी नन्हूं ने कोतवाली में तहरीर दी। इसमें कहा है कि उसने बेटी जैनब का विवाह श्रावस्ती के मल्हीपुर थाना अंतर्गत मुर्तिहा महरू बंजारनपुरवा निवासी इदरीश के साथ तय किया था। निर्धारित कार्यक्रम के तहत सोमवार सुबह 11 बजे बारात आनी थी।
सारी तैयारियां पूरी थी। मित्रों और रिश्तेदारों को भी बुलाया था। लेकिन दोपहर बाद बारात पक्ष के भिखारी व रज्जब की ओर से फोन पर कहा गया कि बाइक और 50 हजार रुपये नकदी न देने के कारण बारात नहीं लाएंगे। नन्हूं की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रभारी निरीक्षक विनोद अग्निहोत्री ने बताया कि श्रावस्ती पुलिस से संपर्क साधा गया है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।