जरवलरोड (बहराइच)। कानपुर से बहराइच आ रही यात्रियों से भरी रोडवेज बस ट्रक की टक्कर से पलट गई। बस में 38 यात्री सवार थे। 16 यात्री घायल हो गए। बाकी को हल्की चोटें आई हैं। हादसा शुक्रवार भोर चार बजे जरवलरोड के निकट एक ढाबे के पास हुआ।
घायलों केा सीएचसी पर प्राथमिक उपचार के बाद सभी को सुबह दूसरी बस से गंतव्य के लिए रवाना किया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
कानपुर से यात्रियों को लेकर रोडवेज की लोहिया ग्रामीण सेवा बस संख्या यूपी 40 टी 5081 शुक्रवार भोर में चार बजे के आसपास जरवलरोड थाना अंतर्गत एकलव्य महाविद्यालय के निकट स्थित छोटू ढाबा पर पहुंची। बस जब सड़क से ढाबे की ओर मुड़ी।
तभी बैक हो रहे ट्रक ने साइड से बस को तेज टक्कर मारी। बस मौके पर ही पलट गई। चीख पुकार मच गई। ढाबे पर मौजूद लोग दौड़े। बस का शीशा तोड़कर उसमें फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया।
परिचालक अरुण कुमार गुप्ता, चालक आफाक व यात्रियों में बहराइच के महसी निवासी इंद्रकुमार, धर्मेंद्र, संजीवन, अनिल कुमार, पप्पू, कैसरगंज निवासी हनुमान, श्रावस्ती निवासी सदानंद, प्रमोद कुमार समेत 16 लोग लहूलुहान हो गए।
जबकि अन्य को हल्की फुल्की चोटें आईं। सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक मधुपनाथ मिश्र ने मौके पर पहुंचकर घायलों को सीएचसी मुस्तफाबाद पहुंचाया। वहां पर प्राथमिक उपचार के बाद सभी यात्रियों को दूसरी बस से गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक संख्या यूपी 78 सीटी 5409 व रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया गया है। परिचालक की तहरीर पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि हादसा ट्रक चालक की हीलाहवाली के चलते हुआ।