पूर्व खनन मंत्री गायत्री के घर पर सीबीआई का छापा
अमेठी। दुष्कर्म के मामले में मार्च 2017 से जेल में बंद पूर्व खनन मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के शहर के आवास विकास कॉलोनी स्थित आवास और जनसंपर्क कार्यालय पर बुधवार की सुबह सीबीआई की टीम ने छापा मारा।
टीम ने आवास व कार्यालय पर मिले लोगों से घंटों पूछताछ की, कार्यालय में दस्तावेज व कंप्यूटर खंगाले। सीबीआई टीम कई दस्तावेज अपने साथ ले गई है।
कभी समाजवादी पार्टी के रसूखदार नेताओं में शुमार रह चुके पूर्व खनन मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति का शहर के आवास विकास कॉलोनी स्थित आवास एवं जनसंपर्क कार्यालय है।
बुधवार सुबह पूर्व खनन मंत्री के आवास पर दो एसयूवी से आई सीबीआई टीम ने छापा मारा। टीम में शामिल अधिकारियों ने पूर्व मंत्री के आवास में घुसते ही घर में मौजूद परिवारीजनों और नौकरों के मोबाइल ले लिए। टीम ने घर के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली।
साथ ही आवास पर खनन संबंधी व अन्य दस्तावेज खंगाले। आवास पर मौजूद पूर्व मंत्री के भतीजे सुरेंद्र प्रजापति से कागजी कोरम की कार्रवाई पूरी की। टीम ने गायत्री प्रजापति के आवास के सामने बने उनके नए मकान की भी तलाशी ली।
इसके बाद टीम पूर्वाह्न 11.45 बजे पूर्व खनन मंत्री के जनसंपर्क कार्यालय के लिए निकली। उस समय कार्यालय के गेट पर ताला बंद था। टीम ने पूर्व मंत्री के भतीजे को संबंधित कर्मी जसवंत को फोन से तत्काल बुलाने को कहा।
करीब 20 मिनट बाद जसवंत ने कार्यालय पहुंचकर गेट का ताला खोला। इसके बाद टीम कार्यालय के अंदर पहुंची। टीम ने सभी कमरों की सघन तलाशी ली। दो कमरों में ताला बंद था, जिसकी चाबी नहीं मिल रही थी।
टीम उन कमरों का ताला तोड़वाकर अंदर दाखिल हुई। टीम ने कार्यालय के पीछे बने अन्य कमरों को भी खंगाला। टीम कार्यालय में मौजूद कंप्यूटर व अन्य सामान सीलकर अपने साथ ले गई है।
हालांकि सीबीआई टीम के अधिकारियों ने छापेमारी के संबंध में कोई भी जानकारी देने से इन्कार कर दिया। अपराह्न करीब तीन बजे टीम यहां से निकल गई।
पूर्व खनन मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के आवास व जनसंपर्क कार्यालय पर सीबीआई रेड पड़ने की चर्चा क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। आवास विकास कॉलोनी में लोगों की आवाजाही बढ़ गई।
आपस में लोग एक-दूसरे से सीबीआई के छापेमारी पर बात करते दिखे। कॉलोनी के लोग अपने मकानों से पूर्व मंत्री के आवास और कार्यालय पर निगाह बनाए रहे। इस दौरान अफरातफरी का माहौल दिखा।
पूर्व खनन मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के घर में उनकी पत्नी और बेटा कोई भी मौजूद नहीं था। सिर्फ पूर्व मंत्री का भतीजा सुरेंद्र घर में था। टीम ने उससे पूछताछ की।
पूर्व खनन मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के जनसंपर्क कार्यालय का मकान नंबर जानने के लिए आसपास घरों के लोगों से पूछताछ की। लोग ज्यादा कुछ नहीं बता सके।
पूर्व खनन मंत्री के भतीजे सुरेंद्र प्रजापति व कर्मी जसवंत ने बताया कि सीबीआई टीम ने आवास व जनसंपर्क कार्यालय के सभी कमरों की तलाशी ली है। कार्यालय के कंप्यूटर व अन्य दस्तावेज सील कर सीबीआई के अधिकारी अपने साथ ले गए हैं।