डांट से नाराज किशोरी ने तालाब में लगाई छलांग, मौत
गोंडा। घर से तड़के खेत के लिए निकली 14 वर्षीया बालिका ने गांव के पास ही एक तालाब में छलांग लगा दी। ग्रामीण जब तक कुछ समझ पाते वह गहरे पानी में चली गई और उसकी डूबने से मौत हो गई।
थाना खरगूपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत अनंतपुर के मजरा परसपुर ऐलहवा निवासी राम विमल की 14 वर्षीया पुत्री मन्ना बुधवार करीब सुबह 4.30 बजे घर से शौच के लिए निकली थी।
उसकी लाश घर के समीप तालाब में संदिग्ध परिस्थिति में उतराती मिली। इसकी सूचना लोगों ने डायल 100 व स्थानीय पुलिस को दी। बताया जाता है कि परिवारीजनों ने मंगलवार की रात किसी बात पर बेटी को डांटा फटकारा था जिससे वह नाराज थी।
नाराजगी के कारण उसने तालाब में छलांग लगा दी। वहीं मौके पर पहुंची थाना खरगूपुर की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थानाध्यक्ष खरगूपुर विवेक सिंह ने बताया कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद हो पाएगी। इस मामले में किसी प्रकार की तहरीर नहीं मिली है।