फायरिंग में एक अन्य व्यक्ति को लगी गोली, जख्मी हालत में ट्रॉमा सेंटर रेफर, गुस्साए ग्रामीणों ने किया रोड जाम
कमलापुर (सीतापुर)। थाना इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार शाम को एक रायफलधारी ने बाइक सवार पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इसमें उसकी मौत हो गई। जबकि कुछ दूरी पर खड़ा एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक सवार का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने लिफ्ट देने से इंकार कर दिया था।
वारदात के बाद हमलावर करीब के एक बाग में जाकर वहां से रुक-रुक कर फायर करता रहा। सूचना पर पहुंची कई थानों का पुलिस बल ने हमलावर को दबोच लिया है। इसके बाद गुस्साए लोगों ने हाईवे जाम कर दिया और आरोपी को भीड़ के हवाले करने की मांग करने लगे।
पुलिस को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा है। घटना से क्षेत्र में तनाव फैल व्याप्त है। उधर, घायल की हालत नाजुक देख ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। कमलापुर थाना क्षेत्र के सरवरपुर निवासी सचिन यादव (25) गुरुवार की शाम किसी काम से अपनी बाइक से जलालपुर बाजार आया था।
बाजार में खरीदारी करने के बाद जब वह वापस अपने घर के लिए चला, तभी मछरेहटा मोड़ पर खड़े एक रायफलधारी ने उसको रोक लिया। बताते हैं कि रायफलधारी उससे लिफ्ट मांगने लगा। लेकिन सचिन ने लिफ्ट देने से इंकार कर दिया। उसका इंकार रायफलधारी को इस कदर नागवार गुजरा कि उसने रायफल से फायरिंग शुरू कर दी।
इससे बाइक सवार सचिन व कुछ दूरी पर खड़ा जलालपुर कस्बा निवासी रविंद्र कुमार उर्फ ललतू (55) फायर की चपेट में आ गए। गोली लगते ही दोनों गिर गए। उनके गिरते ही हमलावर करीब में आम के बाग में चला गया। लोगों ने उसे घेराबंदी कर दबोचना चाहा, तो उसने बाग से फायर करना शुरू कर दिया।
यह देख स्थानीय नागरिकों ने सूचना पुलिस को दी और घायलों को लेकर जिला अस्पताल भागे। अस्पताल जाते समय सचिन ने रास्ते में दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरे घायल रविंद्र की हालत नाजुक बताते हुए उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
उधर सूचना मिलते ही कमलापुर समेत कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने बाग में जाकर जब हमलावर को रायफल समेत दबोचा तो भीड़ बेकाबू हो गई। लोगों ने हाईवे जाम कर आरोपी को भीड़ को सौंपने की मांग शुरू कर दी। पुलिस बल ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया और भीड़ को खदेड़कर आरोपी को साथ ले गई।
घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने चुप्पी साध ली है। सूचना मिलते ही एसपी आनंद कुलकर्णी मौके पर पहुंचे और घटना के संबंध में जानकारी ली। एसपी ने बताया कि लिफ्ट न मिलने पर विवाद बढ़ा और फायरिंग की बात सामने आई है। इसमें सचिन नाम के एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि रविंद्र घायल हुआ है।
पकड़े गए व्यक्ति ने अपनी पहचान लखीमपुर खीरी के मितौली थाना क्षेत्र के ग्राम गौरिया निवासी सुरजीत के रूप में बताई है। यह पता किया जा रहा है कि उसके पास मौजूद रायफल किसकी है, वह सीतापुर में क्या करने आया था। लखीमपुर पुलिस से उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।