बाराबंकी। रोडवेज के संविदा परिचालक के घर सोमवार को दोपहर बाद घुसे बेखौफ बदमाशों ने उसकी पत्नी की पिटाई कर हजारों की नकदी व लाखों के जेवर लूट लिए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से लोगों में सनसनी फैल गई। वारदात की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक बहराइच जनपद में रोडवेज के संविदा परिचालक के पद पर तैनात गजेंद्र सिंह के शहर में सुभाषनगर मोहल्ला स्थित घर में सोमवार को बदमाशों ने जमकर लूटपाट की। घर में मौजूद परिचालक की पत्नी नूतन सिंह उर्फ पप्पी ने बताया कि दोपहर करीब दो बजे वह कमरे में बैठी थी, तभी छत से किसी ने आवाज लगाई। इस दौरान दरवाजे की कुंडी भी खटखटाने लगी। नूतन ने बताया कि जब तक वह दरवाजा खोलती, छत के रास्ते जीने से दो लोग नीचे आ गए और कहा पानी पीना है। जब तक नूतन कुछ समझ पाती, एक बदमाश ने उसे पकड़ लिया व दरवाजे की कुंडी खोल दी, जिससे तीसरा बदमाश भी घर में दाखिल हो गया। इसके बाद तीनों बदमाशों ने महिला से घर में अलमारियों की चाभियां मांगनी शुरू कर दीं। आनाकानी करने पर बदमाशों ने महिला की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद एक बदमाश महिला के पास खड़ा रहा व दो बदमाशों ने घर से लाखों रुपये के जेवरात व नकदी समेट ली और भाग गए। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे निरमा बेचने वाले युवक ने घर में आवाज लगाई तो किसी के न बोलने पर उसने पड़ोसियों को जानकारी दी। जिसके बाद लोगों ने पहुंचकर देखा तो दरवाजा खुला मिला व महिला कमरे में बेहोश पड़ी मिली। इसके बाद महिला को जिला अस्पताल पहुंचाने के साथ घटना के बारे में पुलिस को जानकारी दी गई। कोतवाल जनमेजय सचान व बड़ेल चौकी प्रभारी अमर बहादुर सिंह मौके पर पहुंचे व जांच के साथ बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। उधर, जहां पर यह घटना हुई है, उससे कुछ दूर बन रहे एक घर में काम करने वाले कुछ लोगों समेत कई संदिग्धों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
लैपटॉप के लिए बदमाशों से किया संघर्ष
नूतन ने बताया कि होश आने पर तीनों बदमाश चेहरे पर नकाब ढके हुए थे। बदमाश जब महिला से लैपटॅाप लूटने लगे तो उसके देने से मना करने पर पिटाई के साथ हाथ व सिर दीवार में लड़ाने के साथ जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान बदमाश लैपटॉप तो नहीं ले गए, लेकिन उसके कवर में रखी नकदी लूट ले गए। होश में आने पर भी महिला काफी डरी हुई थी। पीड़िता ने बताया कि घर में अधिवक्ता देवर सचिन कचहरी गया था, जबकि दूसरा देवर सूर्यप्रताप समेत परिवार के अन्य लोग सोमवार को अपने पुश्तैनी घर सतरिख थाना क्षेत्र के खालिकापुरवा गए हुए थे। हालांकि महिला अभी यह नहीं बता पा रही है कि कितना सामान गया है।
पुलिस बूथ के पास हुई वारदात, खुली सक्रियता की पोल
शहर में दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात ने पुलिस सक्रियता की पोल खोल कर रख दी है, जहां पर यह घटना हुई है, उसके आसपास कई बैंक होने के साथ जिला महिला व पुरुष अस्पताल हैं, जिसके चलते यहां पुलिस कर्मियों की तैनाती रहती है। इसके साथ ही शहर कोतवाली की दूरी भी यहां से बहुत कम है और नाका सतरिख पर पुलिस बूथ भी बना है। लेकिन इसके बावजूद लूट की वारदात के बारे में पुलिस को कई घंटे बाद पता लग सका।
एएसपी व सीओ पहुंचे, डाग स्क्वॉयड बुलाया
एएसपी दिगंबर कुशवाहा व सीओ सिटी सुशील कुुमार सिंह ने मौके पर जाकर जांच की। इसके साथ ही पुलिस की फॉरेंसिक व क्राइम ब्रांच की टीम ने पहुंचकर जांच शुरू की है। एएसपी ने बताया कि पीड़ित परिवार की तरफ से दी गई तहरीर में 80 हजार की नकदी व लाखों रुपये के जेवरात लूटने की बात बताई गई है। अज्ञात लुटेरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के साथ मौके पर डाग स्क्वॉयड की टीम बुलाई गई है।