फैजबाद। साकेत महाविद्यालय में प्राइवेट परीक्षा के प्रवेश पत्र पर 200 रुपये की वसूली को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय गेट पर प्रदर्शन किया है। साथ ही विश्वविद्यालय के कुलसचिव विनोद कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा गया। कुलसचिव ने प्रवेश पत्र के नाम पर हो रही वसूली पर रोक लगाए जाने की बात कही है।
जिला संयोजक अंकुर सिंह का आरोप है कि साकेत महाविद्यालय में प्राइवेट परीक्षा प्रवेश पत्र वितरण में 200 रुपया की वसूली की जा रही है, जिससे छात्र परेशान हैं। ऐसा पहली बार है कि साकेत महाविद्यालय में प्रवेश पत्र लेने के लिए 200 रुपया फीस देनी पड़ रही है। किसी भी महाविद्यालय में ऐसा नहीं हो रहा, केवल साकेत महाविद्यालय मे प्राइवेट परीक्षार्थियों को रुपया दे कर प्रवेश पत्र लेना पड़ा, जो की गलत है। जिला सह संयोजक ब्रजेश वर्मा ने कहा प्रवेश पत्र के नाम पर छात्रों से धनराशि क्यों ली जा रही है, समझ से परे है। ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से प्रशांत मिश्रा, अभिजीत मिश्रा, वैभव तिवारी, अमन गुप्ता, नरेंद्र शुक्ला, अमरेश द्विवेदी, परितोष मिश्रा, शशांक कसौधन, ज्ञानप्रकाश सहित छात्र मौजूद रहे।