माल। माल उपकेंद्र को रोशन करने वाली रहीमाबाद ट्रांसमिशन की 33 केवी भूमिगत बिजली केबल में सोमवार दोपहर बाद अपराह्न साढ़े तीन अचानक फॉल्ट आ गया। इससे माल कस्बे समेत करीब 150 गांवों की बत्ती गुल हो गई। यह बिजली रात 11 बजे के बाद चालू हो सकी। इसके कारण एक ओर जहां परिवार बिजली और पानी को तरसे , वहीं दूसरी तरफ माल बाजार समय से पहले बंद हो गया।
उपकेंद्र कर्मचारियों के मुताबिक गहदेव गांव के पास इस फॉल्ट की पहचान हो सकी। शाम पांच बजे के बाद इस फॉल्ट की खराबी को सही करने के लिए काम शुरु हुआ, जो रात करीब 11 बजे पूरा हो पाया। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी। उधर, उपभोक्ताओं ने बताया कि बिजली बंद होने की जानकारी हासिल करने के लिए उपकेंद्र से लेकर जूनियर इंजीनियर के मोबाइल पर कॉल करने पर कोई रिस्पांस नहीं मिल सका। इससे तिवारी खेड़ा, थरी, माल रुदानखेड़ा,पारा भदराही, नरायन पुर,माल,मंझी,नबीपनाह,अटारी आदि गांवों के जनजीवन पर व्यापक असर पड़ा।
यहां भी लोग बिजली को तरसे
33 केवी लाइन में फॉल्ट आने के कारण उतरेठिया ओल्ड एवं न्यू उपकेंद्र के उपभोक्ता शाम को करीब 45 मिनट तक बिजली को तरस गए। ऐसे उपभोक्ताओं की तादाद करीब 25 हजार हैं। बीकेटी के साढ़ामऊ के फीडर में खराबी से पर्वतपुर, भवानीपुर, चंद्रिका देवी रोड, रुदही व सीतापुर रोड, दाउदनगर उपकेंद्र के तहत गाजीपुर व गनेश विहार सहित आसपास और दुबग्गा उपकेंद्र के आवास विकास, दुबग्गा, जेहटा, दशहरी मोड़, हरदोई रोड व बस अडडा सहित बड़े क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को बंद किया गया था।