सीतापुर एवं लखनऊ के सचल दस्ते के डिप्टी कमिश्नर राम सुमिरन, असिस्टेंट कमिश्नर अरविंद कुमार सिंह व अनुरुद्ध सिंह की टीम ने 6 फरवरी 2018 को यूकेलिप्टस की लकड़ी से लदे ट्रक को कब्जे में लेकर जांच की। ड्राइवर ने जो दस्तावेज दिखाया उसमें यूकेलिप्टस लकड़ी पर 5 फीसदी जीएसटी का उल्लेख था। टीम ने फर्म एआईई वैली ट्रेडर्स को नोटिस जारी किया तो जीएसटी का डिफरेंस 36 हजार रुपये जमा कराकर लकड़ी सहित ट्रक को छोड़ दिया गया। इसके बाद प्रकरण की गुपचुप जांच कराने पर घोटाले की पोल खुली।
इन फर्मों ने डकारा जीएसटी
रुचि इंटरप्राइजेज अमेठी, अमन ट्रेडर्स सिंह धर्मकांटा दुर्गापुर रोड अमेठी, केएस ट्रेडर्स खैराबाद सीतापुर व हनुमान ट्रेडर्स सीतापुर की फर्में उत्तराखंड की सेंचुरी पेपर मिल को यूकेलिप्टस की लकड़ी सप्लाई कर रही हैं। यह लकड़ी ट्रक केबजाय रेल द्वारा भेजी जाती है। इसके सेंटर सीतापुर में खैराबाद, हरदोई में संडीला, रायबरेली में ऊंचाहार हैं।
एडिशनल कमिश्नर वाणिज्य कर उप्र अनंजय कुमार सिंह का कहना है कि यूकेलिप्टस लकड़ी पर नियोजित तरीके से जीएसटी चोरी का खुलासा हुआ है। इस सिलसिले में प्रदेश भर के जोनल एडिशनल कमिश्नर से रिपोर्ट मांगी गई है। जहां से रिपोर्ट मिल चुकी है उसका परीक्षण कराया जा रहा है। इसके बाद रिकवरी और एसआईबी जांच कराई जाएगी।