काकोरी। दुबग्गा के मलहा गांव में मंगलवार दोपहर झोपड़ी में आग लग गई। इससे 15 बकरियों की जलकर मौत हो गई। आग ने एक दुकान और गेहूं की फसल को भी चपेट में ले लिया। वहीं, दो भैंसों को बचाने में एक युवक झुलस गया। दमकल ने तीन गाड़ियों से एक घंटे में आग पर काबू पाया। जलती सिगरेट या बीड़ी से झोपड़ी में आग लगने की आशंका है।
प्रधान दिनेश भौकाली यादव ने बताया कि रामचंद के मकान के पास उनकी झोपड़ी है। इसमें उनकी 15 बकरियां बंधी थीं। दोपहर 2:30 बजे अचानक झोपड़ी में आग लग गई। इसकी लपटें देख रामचंद और ग्रामीणों ने दमकल को जानकारी दी। लोग बाल्टियों और तीन टैंकरों से पानी लेकर आग पर काबू पाने की कोशिश करने लगे, पर देखते ही देखते लपटों ने राम विलास के जनरल स्टोर और रामकिशन के खेत को चपेट में ले लिया। झोपड़ी के पास बंधी भैंसों को बचाने में मोहित पासी झुलस गए। दुबग्गा पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
आरोप : सूचना के एक घंटे बाद पहुंची दमकल
लोगों का कहना है कि सूचना के करीब एक घंटे बाद एफएसओ चौक तीन गाड़ियों के साथ पहुंचे। यह भी आरोप लगाया कि दमकल के कंट्रोल रूम में पांच से अधिक बार कॉल की, पर संपर्क नहीं हो सका। जब तक दमकल पहुंची तब तक ग्रामीणों ने आग पर काफी काबू पा लिया था। दमकल ने सिर्फ खानापूर्ति की। उधर, एफएसओ चौक का कहना है कि घटना की जानकारी दूसरे जनपद से किसी युवक ने दी थी। वह भी सही से घटनास्थल नहीं बता सका था।