लखनऊ। राजधानी में शनिवार को अलग-अलग इलाकों में चोरी की बिजली से एसी की ठंडी हवा खाने वाले 15 लोग धरे गए। इन बिजली चोरों के घर के कनेक्शन काटकर एफआईआर दर्ज कराई गई है।
मुख्य अभियंता वीपी सिंह ने बताया कि जानकीपुरम जोन में भिठौली चौराहा आईआईएम रोड के सामने 60 परिसरों की जांच की गई। इस दौरान मिष्ठान अजय स्वीट की मालकिन रामावती और रजिया के घर अतिरिक्त केबल से तीन-तीन किलोवाट की बिजली चोरी पकड़ी गई। मुख्य अभियंता राम कुमार ने बताया कि अमौसी के चुन्नूखेड़ा पारा निवासी भूरे यादव और रितेश शुक्ला को मीटर से पहले बिजली चोरी करते पकड़ा गया।
मुख्य अभियंता रवि कुमार अग्रवाल ने बताया कि राजाजीपुरम की पुष्प लता तिवारी, आलमनगर के नरेश, रिफा कॉलोनी की गुड़िया और साबिया, न्यू हैदरगंज की सावित्री देवी व कैंपवेल रोड राजाजीपुरम के राजा बाबू को चोरी की बिजली से एसी, कूलर चलाते पकड़ा गया।
गोमतीनगर के मुख्य अभियंता सुशील गर्ग ने बताया कि कांशीराम कॉलोनी के सुरेश कुमार, वीरू यादव, इंदिरानगर के विनय कुमार सिंह और लौलाई के सरोज व आशीष कुमार भी बिजली चोरी करते धरे गए। ये सभी अतिरिक्त केबल से कटियाबाजी करके चार व सात किलोवाट लोड पर चोरी की बिजली फूंक रहे थे।