पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा खंडित होने पर भड़के कांग्रेसी
- नेताओं ने कहा कि मामले में कार्रवाई हो, वरना आंदोलन
अमर उजाला ब्यूरो
रायबरेली-फुरसतगंज। मिर्जापुर में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की प्रतिमा खंडित किए जाने पर कांग्रेसियों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को अमेठी जिले में पीएम मोदी के पुतले फूंककर गुस्से का इजहार किया गया। वहीं जिला मुख्यालय पर घटना की निंदा की गई और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की।
जिला मुख्यालय पर कांग्रेसी नेता आशीष द्विवेदी की अगुवाई में घटना की निंदा की गई और तीखा विरोध करने की बात कही गई। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार विकास के मामले में फेल साबित हो रही है। अब राजीव गांधी की प्रतिमा को खंडित किया जा रहा है, जो चिंता का विषय है। इसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मिर्जापुर में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने से कांग्रेसियों में आक्रोश व्याप्त है। जायस कस्बा और वहाबगंज चौराहा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंककर विरोध जताया। कहा कि किसी भी कीमत पर अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदीप सिंघल, सुरेश त्रिवेदी, इंद्र प्रसाद ने कहा कि प्रतिमा खंडित करने वालों पर तत्काल कार्रवाई हो।