खरगूपुर (गोंडा)। 15 माह से मानदेय का भुगतान न होने से आक्रोशित ग्राम रोजगार सेवकों ने गुरुवार को पृथ्वीनाथ मंदिर परिसर में बैठक कर होली न मनाने का फैसला किया है। आदर्श ग्राम रोजगार सेवक संघ की बैठक में रोजगार सेवकों ने उच्च अधिकारियों पर सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए रणनीति तैयार की है।
पृथ्वीनाथ मंदिर परिसर में आदर्श ग्राम रोजगार सेवक संघ रुपईडीह की बैठक ब्लॉक अध्यक्ष शुकदेव प्रसाद तिवारी की अध्यक्षता में हुई, जिसमें रोजगार सेवकों ने मानदेय न मिलने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। ब्लॉक अध्यक्ष ने कहा कि नवंबर 2016 से फरवरी 2018 तक का मानदेय अब तक नहीं मिला, जबकि कई त्योहार बिना मानदेय के ही बीत गए और होली का त्योहार आने वाला है। अगर मानदेय का भुगतान होली से पहले नहीं किया गया तो होली का त्योहार विकास खंड रुपईडीह के ग्राम रोजगार सेवक नहीं मनाएंगे। ग्राम रोजगार सेवकों से मनरेगा के अतिरिक्त गांव से संबंधित जनगणना, बीएलओ ड्यूटी सहित अन्य कार्य भी कराया जा रहा है। कार्य के बाद भी मानदेय न मिलने से आर्थिक तंगी की समस्या आ गई है। जिला महामंत्री रवींद्र कश्यप ने आरोप लगाते हुए कहा कि जिले व ब्लॉक के जिम्मेदार अधिकारियों की मनमानी के चलते 15 माह से मानदेय का भुगतान नहीं हो पाया, जबकि कई बार उच्च अधिकारियों से मिलकर प्रतिमाह मानदेय दिए जाने की मांग की जा चुकी है। मगर इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। यही नहीं आदर्श ग्राम रोजगार सेवक संघ ने क्षेत्रीय सांसद व विधायक से भी समय पर मानदेय दिलाने के लिए कई बार मिलकर कहा, लेकिन मानदेय का भुगतान नहीं हो सका। इस मौके पर विश्वनाथ शुक्ल, विपिन गुप्ता, नूर अहमद अंसारी, जितेंद्र राय, सुरेंद्र मिश्रा, अनिल तिवारी, राम भवन, अनिल मिश्रा, रिजवान, शिवपाल यादव आदि मौजूद रहे।