लखनऊ। मड़ियांव थाने के पास रविवार रात बर्थडे के नाम पर सीतापुर रोड पर हुड़दंग करने वाले 14 युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ मंगलवार को शांति भंग की कार्रवाई की गई। हालांकि, हुड़दंग का मुख्य सूत्रधार राघवेंद्र सिंह अभी पुलिस की पकड़ से दूर है। इस मामले में बीट दरोगा ने तीन नामजद समेत 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
पकड़े गए आरोपियों में रामलीला मैदान निवासी जैद खान, अंकित रस्तोगी, हरिओम नगर निवासी हर्ष त्रिवेदी, श्रीनगर निवासी विकास, फैसल, गायत्री नगर का विपिन कश्यप, सुमित सिंह, कृष्णा अवस्थी, प्रभातपुरम का सिद्धार्थ, मोहिबुल्लापुर निवासी संजू राजपूत, गायत्रीनगर द्वितीय निवासी सौरभ पाण्डेय, मनीष वर्मा, नौबस्ता निवासी अमन मिश्रा व नौबस्ता पुलिया निवासी आदर्श शुक्ला शामिल हैं। सभी आरोपी व्यवसाय करते हैं। इनके अलावा चार नाबालिगों को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने राघवेंद्र की कार को भी सीज किया है।
मुख्य आरोपियों पर नरमी बरतने का आरोप
अपने बच्चों के पकड़े जाने पर बड़ी संख्या में अभिभावक थाने पहुंचे। इनमें अधिकांश का कहना था कि पुलिस ने मौके पर तमाशबीन बने युवकों पर ही कार्रवाई की है। पुलिस हुड़दंग में मुख्य रूप से शामिल लोगों पर उनके रसूख के कारण नरमी बरत रही है। वहीं, एक मां अपने बेटे पर ही भड़क गई। बोली, अब बुलाओ अपने नेता को, जिसकी शह पर इतना उछल रहे थे। अब कोई थाने पर नहीं आएगा। वहीं, मड़ियांव पुलिस जिस राघवेंद्र की तलाश करने की बात कह रही है, वह मंगलवार को पकड़े गए युवकों के परिचितों को फोन पर बता रहा था कि परेशान न हो, सब एक घंटे में छूट जाएंगे। सभी आरोपी राघवेंद्र को दादा बुलाते हैं।
ये है मामला
एक राजनीतिक पार्टी से जुड़े नौबस्ता निवासी राघवेंद्र सिंह उर्फ राघव ने रविवार को जन्मदिन मनाया था। इसके लिए उसने सभी को मड़ियांव थाने के पास लोधी मार्केट के सामने बुलाया था। जानकारी के मुताबिक तकरीबन 50 से अधिक एसयूवी के साथ युवक पहुंचे। सभी गाड़ियों को एक लाइन में खड़ा किया और फिर उसके ऊपर चढ़कर युवकों ने जमकर आतिशबाजी की। इससे राहगीरों और वाहन चालकों में अफरातफरी रही। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय हुई।