रायबरेली। पंडित दीनदयाल योजना के तहत ग्रामीण बाजारों में सोलर स्ट्रीट लाइटें लगेंगी। बुधवार को बाजारों के चयन को लेकर बचत भवन में बैठक हुई। बैठक में डीएम हर्षिता माथुर ने संबंधित अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्र की बाजारों को चिह्नित कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए, जिससे लाइटें लगाने का काम शुरू किया जाए।
बैठक में डीएम ने परियोजना निदेशक यूपीनेडा से इस योजना से संबंधित अब तक हुई प्रगति की जानकारी भी ली। परियोजना निदेशक ने बताया कि पंडित दीनदयाल योजना के तहत जिले के सभी विधानसभा क्षेत्र में समस्त विकासखंडों से एक या दो मुख्य बाजारों में प्राथमिकता पर मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना के चयनित बाजारों में लाइटें लगेंगी।
उन्होंने बताया कि 139 सोलर लाइटें लगाने का लक्ष्य रखा गया है। अभी तक 204 ग्रामीण बाजारों का प्रस्ताव प्राप्त हो चुका है। डीएम ने उपस्थित खंड विकास अधिकारियों व डीपीआरओ को निर्देशित किया कि योजना को धरातल पर शीघ्र लागू कराया जाए, जिससे योजना का लाभ जन सामान्य को मिल सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अर्पित उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार, डीपीआरओ सौम्यशील सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।