लखनऊ। जमीन दिलाने के बहाने डाॅक्टर से 1.36 करोड़ रुपये हड़पने के मामले में गोसाईंगंज पुलिस ने शनिवार को सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेश करने के बाद सभी को जेल भेज दिया गया।
इंस्पेक्टर दिलेश कुमार सिंह के मुताबिक गोमतीनगर स्थित विरामखंड निवासी श्याम नारायण गुप्ता पेशे से चिकित्सक हैं। फरवरी 2024 में गोसाईंगंज के अमेठी कस्बा स्थित अब्बासी वार्ड निवासी प्रॉपर्टी डीलर कलीम खां ने नूरपुर बेहटा के किसानों से जमीन का सौदा कराया। कलीम ने किसानों के बजाय जमीन की रकम साथियों के खाते में ट्रांसफर करा ली। यही नहीं आरोपी ने किसान आनंद की जगह हस्ताक्षर कर लाखों रुपये हड़प लिए। मामला खुलने के डर से आरोपी ने बचाव में कोर्ट के आदेश पर खुद ही साथियों पर जालसाजी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करा दी। जांच के दौरान कलीम की धोखाधड़ी उजागर होने पर पुलिस ने पीड़ित चिकित्सक को वादी बनाने के साथ कलीम को मुख्य आरोपी बनाया।
शनिवार को पुलिस ने कलीम के अलावा किसान के बजाय अपने खाते में पैसे ट्रांसफर कराने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में सेखनापुर निवास रामसुमिरन, प्रतापगढ़ जिले के दिलीपुर निवासी बशीर अहमद, बीबीडी के नूरपुर बेहटा निवासी रामनरेश, मो. आरिफ, महमूदपुर निवासी अमरेंद्र सिंह व खुरखुंदापुर निवासी रामसुमिरन शामिल हैं। गोसाईंगंज थाने में ही आरोपी अमरेंद्र पर पांच, कलीम पर चार व मो. आरिफ पर तीन जालसाजी व अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज है।