उत्तर प्रदेश के सभी जिलों के 228 केंद्रों पर सोमवार को 60 साल से ऊपर व 45 से ज्यादा उम्र के गंभीर रूप से बीमार 13424 लोगों को कोराना का टीका लगा। इन लाभार्थियों को दूसरी खुराक एक अप्रैल को उसी केंद्र पर दी जाएगी। वहीं, पहले चरण में टीका लगवा चुके लाभार्थियों को प्रदेश में चार व पांच मार्च को दूसरी डोज दी जाएगी। साथ में 60 वर्ष से ऊपर वालों का भी टीकाकरण होगा।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार लाभार्थियों के पास उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर टीकाकरण पूर्ण होने के संदेश के साथ प्रमाणपत्र डाउनलोड करने के लिए एक लिंक भेजा गया है।
लखनऊ जिले में सोमवार को तीन सरकारी और एक निजी अस्पताल में बीमार और बुजुर्ग लोगों को वैक्सीन लगाई गई। सभी में वैक्सीन लगवाने का जबरदस्त उत्साह दिखा। हर बूथ पर लोग सुबह से ही पहुंचना शुरू हो गए। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों का कहना है कि पहली बार 135 प्रतिशत टीकाकरण हुआ।
केजीएमयू, लोहिया संस्थान, सिविल व शेखर अस्पताल में 900 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया था, जबकि 1217 लोगों ने टीका लगवाया। 892 लोगों को कोविशील्ड व 325 को कोवाक्सिन दी गई। पुरानी बीमारी से ग्रस्त 154 मरीजों को वैक्सीन की पहली खुराक दी गई। वहीं 195 स्वास्थ्य कर्मियों को भी पहली खुराक दी गई। 60 साल से अधिक उम्र के 868 बुजुर्गों को पहला टीका लगाया गया।
सीएमओ डॉ. संजय भटनागर ने बताया कि तीसरी दफा रिकॉर्ड तोड़ 100 प्रतिशत से अधिक टीकाकरण हुआ है। कई राज्यों में कोरोना का प्रकोप बढ़ने से लोगों में जागरूकता बढ़ी है।