सरेनी और ऊंचाहार में खुलेगा फायर स्टेशन
रायबरेली। जिले में ऊंचाहार और सरेनी में फायर स्टेशन खोला जाएगा। गाड़ियों की व्यवस्था कराने के साथ-साथ स्टाफ की तैनाती भी होगी।
इससे पांच थाना क्षेत्रों की करीब चार लाख आबादी को आग लगने पर फायदा मिलेगा। इन स्थानों पर फायर स्टेशन बनाने के लिए शासन को जल्द प्रस्ताव भेजा जाएगा।
मौजूदा समय की बात करें तो जिले में रायबरेली के अलावा लालगंज, सलोन, बछरावां में फायर स्टेशन हैं। इन्हीं स्टेशनों के जरिए पूरे जिले में लगने वाली आग पर काबू पाया जाता है।
खास बात ये है कि इन स्टेशनों से कई ऐसे क्षेत्र हैं, जिनकी दूरी अधिक है। यदि आग लग जाती है तो समय से दमकल गाड़ियां नहीं पहुंच पाती हैं।
इससे लोगों को लाखों रुपये का नुकसान होता है। कभी-कभी जनहानि भी हो जाती है। अग्निशमन विभाग की ओर से इस बार सरेनी और ऊंचाहार में फायर स्टेशन खोला जाएगा।
सरेनी में फायर स्टेशन खुलने से सरेनी, खीरों, जबकि ऊंचाहार में फायर स्टेशन खुलने से ऊंचाहार, जगतपुर, गदागंज थाना क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाली चार लाख से ज्यादा लोगों को फायदा मिलेगा।
फिलहाल भवन न होने से सरेनी व ऊंचाहार थाने में एक-एक दमकल गाड़ी मुहैया कराई जाएगी। इसमें छह-छह अग्निशमन कर्मियों की तैनाती का प्रस्ताव है।
आग की घटनाओं के मद्देनजर सरेनी और ऊंचाहार थाने में अस्थायी रूप से इस बार फायर स्टेशन खोला जाएगा। इनके खुलने से समय से दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझा सकेंगी, जिससे लोगों को राहत मिल सकेगी।
राजीव पांडेय, मुख्य अग्निशमन अधिकारी