काश्तकारों को समय से भुगतान करें चीनी मिलें
सीतापुर। जिलाधिकारी शीतल वर्मा ने गुरुवार को गन्ना विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक में चीनी मिल अफसरों को समय से काश्तकारों को भुगतान करने के निर्देश दिए। कहा कि, इसमें शिथिलता बरतने पर कार्रवाई होगी।
कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को डीएम ने जिला गन्ना अधिकारी, चीनी मिलों के अधिशासी अध्यक्ष व प्रबंधक, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षकों एवं सहकारी गन्ना विकास समितियों के सचिवों के साथ बैठक कर विभागीय कार्यों की समीक्षा की।
इसके बाद उन्होंने चीनी मिलों को निर्देश दिए कि जब तक किसानों के पास आपूर्ति योग्य गन्ना रहेगा, चीनी मिलें बंद नहीं होंगी।
चीनी मिल बिसवां के अतिरिक्त अन्य चीनी मिलों का भुगतान नियमानुसार 14 दिवस पर नहीं पाए जाने पर डीएम ने नाराजगी जताई।
साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि 14 दिवस में गन्ना मूल्य भुगतान होना चाहिए। क्रय केंद्रों पर ढुलाई एवं श्रमिकों की पर्याप्त व्यवस्था करने तथा घटतौली पर प्रभावी अंकुश लगाने व गन्ना उतराई के नाम पर किसी प्रकार का शुल्क नहीं लेने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने गन्ना विभाग के ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षकों एवं सचिव, सहकारी गन्ना विकास समितियों को बिना अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ने तथा गन्ना किसानों को सट्टा नीति के अनुसार ही पर्चियां उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कहा कि, किसी भी व्यक्ति की कलेंडर के विपरीत पर्ची जारी नहीं हो। उन्होंने किसानों से भी अनुरोध किया कि, वे अपने गन्ने की आपूर्ति के लिए परेशान न हों तथा पर्चियों के लिए अनावश्यक दबाव न डालें।
किसी भी कृषक को उसके सट्टा कलेंडर के इतर पर्चियां जारी नहीं होंगी, गत वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष चीनी मिलों के पास गन्ना अधिक है।
जिस कारण गन्ना आपूर्ति में विलंब स्वाभाविक है तथा चीनी मिलें गत वर्ष की अपेक्षा अधिक समय तक पेराई कार्य करेंगी तथा जब तक पेराई योग्य गन्ना आपूर्ति नहीं हो जायेगी, चीनी मिलों में पेराई बंद नहीं होगी।