स्कूल में दावत देने पर सहायक शिक्षक व हेडमास्टर निलंबित
सीतापुर। पिसावां विकासखंड के एक स्कूल में शादी की दावत देना दो शिक्षकों को महंगा पड़ गया। एमडीएम डीसी की जांच में विद्यालय में पनीर की सब्जी व पूड़ी बनने का पता चला है।
इस पर बीएसए ने प्रधानाध्यापक व सहायक अध्यापक को निलंबित कर दिया है। मामले की जानकारी होने के बावजूद उच्चाधिकारियों को सूचना नहीं देने पर बीईओ को नोटिस दिया गया है।
वाजिब जवाब नहीं मिलने पर बीईओ के खिलाफ भी कार्रवाई होनी तय है।
पिसावां विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय सहियापुर में सहायक अध्यापक पद पर उदयभान सिंह तैनात हैं।
उदयभान ने पिछले दिनों बीईओ सुंदरलाल रावत सहित आसपास के स्कूलों के कई शिक्षकों को विद्यालय परिसर में ही अपनी शादी की दावत दी थी।
इसकी शिकायत पर बीएसए अजय कुमार ने एमडीएम डीसी बृजमोहन सिंह से जांच कराई।
बृजमोहन सिंह ने 19 मार्च को विद्यालय का मुआयना किया तो उस समय पंजीकृत 114 के सापेक्ष 85 नौनिहाल स्कूल में मिले।
जांच में पाया गया कि, जिस वक्त दावत हुई वह स्कूल की पढ़ाई का समय था। इस दावत करने के लिए उच्चाधिकारियों से कोई अनुमति भी नहीं ली गई थी।
दावत में पनीर की सब्जी व पूड़ी बनी थी। साथ ही एमडीएम के मेन्यू के अनुसार तहरी भी बनी थी।
जांच आख्या के आधार पर बीएसए ने सहायक अध्यापक उदयभान सिंह को निलंबित कर दिया है।
साथ ही प्रधानाध्यापक सुशील कुमार को नौनिहालों को मेन्यू के विपरीत भोजन देने व विभागीय आदेशों की अवहेलना के आरोप में निलंबित किया गया है।
निलंबन अवधि तक ये शिक्षक बीआरसी पिसावां पर हाजिरी लगाएंगे। साथ ही बीईओ सुंदरलाल रावत को मामले की जानकारी होने के बावजूद उच्चाधिकारियों को नहीं देने पर नोटिस देकर स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
तीन दिन के अंदर वाजिब जवाब नहीं देने पर बीईओ पर भी कार्रवाई की जाएगी।