सीतापुर। केंद्र सरकार लीक से हटकर बेहतर काम करने वालों को प्रोत्साहित करेगी। प्रधानमंत्री अवार्ड ऑफ एक्सीलेंस वर्क योजना में सबसे अच्छा काम करने वाले को इनाम मिलेगा। यह पुरस्कार प्रधानमंत्री आवास, जल संरक्षण व पर्यावरण सहित 11 क्षेत्रों में बेहतर काम करने वाले को दिया जाएगा। सरकारी महकमे के अलावा बेहतर काम करने वाला कोई भी अफसर, निजी संगठन अथवा व्यक्ति एक अप्रैल तक इसमें दावेदारी कर सकता है। चयनित विजेता को सिविल सर्विसेज दिवस (21 अप्रैल) को सरकार पुरस्कृत करेगी।
शासन ने विकास और सामाजिक कार्यों में परंपरा से इतर सबसे बेहतर काम करने पर प्रोत्साहन देने का फैसला किया है। लीक से हटकर अच्छा परफार्मेंस देने वाले को सरकार पुरस्कृत करेगी। शासन की मंशा विशेष रचनात्मक प्रतिभा वाले लोगों, संगठनों और विभागों के कार्य में सुधार करना है। इसके लिए प्रधानमंत्री अवार्ड ऑफ एक्सीलेंस वर्क योजना चलाई गई है। इस योजना में एक जनवरी से दावेदारी शुरू हो गई है। यह दावेदारी एक अप्रैल तक की जा सकती है। देश भर से होने वाले आवेदनों की समीक्षा एक विशेषज्ञों की टीम करेगी। फिर बेहतर काम करने वाले को चुना जाएगा। उसे सिविल सर्विसेज दिवस (21 अप्रैल) को मेडल, प्रमाणपत्र व नगदी प्रदान कर पुरस्कृत किया जाएगा। सरकार का मकसद इस योजना के जरिये लोगों, निजी संगठनों और विभागों में बेहतर काम करने की प्रतिस्पर्धा में इजाफा करना है। बेहतर काम होगा तो इसका असर गुणवत्ता व काम करने वाले की क्षमता पर भी पड़ेगा। इसमें सरकारी, गैर सरकारी, अर्द्धं सरकारी महकमे के अलावा निजी संगठन अथवा कोई भी व्यक्ति दावेदारी कर सकता है। सीडीओ अरविंद चौरसिया ने कहा कि प्रधानमंत्री अवार्ड ऑफ एक्सीलेंस वर्क योजना के जरिये बेहतर काम करने का जज्बा पैदा होगा। इसमें ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
बाक्स
इन क्षेत्रों में अच्छा काम करने वाले का होगा चयन
*बाल विकास के क्षेत्र में लीक से हटकर काम करने पर।
* महिला शक्तिकरण को लेकर विशेष कार्य पर
* बालिका शिक्षा व सुरक्षा के लिए लीक से हटकर विशेष कार्य करने पर।
*प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण।
*दीनदयाल कौशल विकास प्रशिक्षण के तहत चलाया गया अभियान
*डिजिटल वर्क व ई-पेमेंट के तहत विशेष कार्य करने वाले विभाग व गांव
*सामाजिक क्षेत्र में परंपरा से हटकर किया गया विशेष कार्य
*पर्यावरण के क्षेत्र में किए गए अनूठे काम
*जल संरक्षण व भूजल के क्षेत्र में कि गए विशेष कार्य
*शिक्षा के क्षेत्र में विशेष काम करने वाली संस्था अथवा व्यक्ति
*स्वास्थ्य के क्षेत्र में विशेष कार्य करने वाले व्यक्ति या संस्था।