यूपी में निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होने से पहले सरकार ने बुधवार को प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 13 आईएएस अफसरों को नई तैनाती दी है। इलाहाबाद, उन्नाव व बदायूं के डीएम बदल दिए गए हैं। मेरठ विकास प्राधिकरण में नए उपाध्यक्ष की नियुक्ति की गई है।
गाजियाबाद की डीएम रितु माहेश्वरी को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। इस फेरबदल में वेटिंग चल रहे आईएएस अफसरों को तैनाती मिल गई है।
इलाहाबाद के डीएम संजय कुमार को हटाकर आबकारी विभाग के विशेष सचिव सुहास एल.वाई. को इलाहाबाद का डीएम बनाया गया है।
अदिति सिंह की जगह केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटने के बाद वेटिंग में चल रहे रविकुमार एनजी को उन्नाव का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। बदायूं में अनीता श्रीवास्तव की जगह गृह विभाग में विशेष सचिव दिनेश कुमार सिंह द्वितीय को डीएम बनाया गया है।
इलाहाबाद के डीएम से पद से हटाए गए संजय कुमार को राजस्व विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है जबकि अदिति सिंह को अपर आयुक्त वाणिज्य कर के पद पर नोएडा भेजा गया है। अनीता सिंह को कार्मिक विभाग में विशेष सचिव के पद पर स्थानांतरित किया गया है।