मिर्जापुर में फ्रांसीसी युवतियों को शोहदों से बचाने वाली वाराणसी की तान्या दत्ता समेत प्रदेश की 126 महिलाओं को रानी लक्ष्मी बाई वीरता पुरस्कार दिया जाएगा। लोकभवन में बृहस्पतिवार को महिला कल्याण विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन्हें सम्मानित करेंगे।
तान्या और उसकी दो बहनों की बहादुरी को ‘अमर उजाला’ ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इस मौके पर संस्कृति विभाग का बेगम अख्तर पुरस्कार भी दिया जाएगा।
समाज की बेहतरी के लिए अदम्य साहस दिखाने वालों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश सरकार हर साल ‘रानी लक्ष्मी बाई वीरता पुरस्कार’ देती है। महिला कल्याण विभाग की ओर से दिए जाने वाले इस पुरस्कार में चयनित बालिका या महिला को एक लाख रुपये नकद और प्रशस्ति पत्र दिया जाता है।
इन्हें मिलेगा पुरस्कार
शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री के हाथों सिर्फ 15 लोगों को यह पुरस्कार दिलाया जाएगा। बाकी 113 विजेताओं को अन्य मंत्री व अधिकारी पुरस्कार देंगे। मुख्यमंत्री जिन्हें पुरस्कार देंगे उनमें लखनऊ की ज्योति श्रीवास्तव, सिंधु व डॉ. जेड एमएस (मऊ), कुंवर दिव्यांश व महजबी (बाराबंकी), पुष्पा व तारा (बहराइच), रीतिका (मेरठ), रीमा सिंह (चंदौली), वर्षा सिंह (बस्ती), रंजना द्विवेदी व अवधेश कुमारी (गोरखपुर), सलिया बानो (फर्रुखाबाद) और शहनाज बानो (वाराणसी) शामिल हैं। इसके अलावा बेगम अख्तर पुरस्कार पाने वाले वाराणसी के धर्मनाथ मिश्र व रामपुर के उस्ताद सखावत हुसैन खान को भी मुख्यमंत्री पुरस्कृत करेंगे।