फैजाबाद। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में अध्ययनरत 6 लाख से अधिक छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। अब छात्र ऑनलाइन आवेदन के 15 दिन बाद अपनी डिग्री विश्वविद्यालय की सिंगल विंडो से प्राप्त कर सकेंगे। डिग्री बनने की सूचना उनके मोबाइल पर मैसेज के माध्यम से दी जाएगी। छात्र अपने जनपद से विश्वविद्यालय की अधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करके डिग्री प्राप्त कर सकेंगे।
अवध विश्वविद्यालय प्रशासन पर विगत वर्षों से छात्रों की डिग्री को लेकर काफी दबाव में रहा है। प्रतिवर्ष छह लाख से अधिक डिग्रियां विवि प्रशासन को छात्रों को देनी होती है। इसमें सर्वाधिक प्रार्थना पत्र नई डिग्रियों को लेकर ही आते हैं। सिर्फ 10 प्रतिशत मामले करेक्शन व माइग्रेशन के आते हैं। अभी हाल ही में विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों को डिग्री दिए जाने की प्रक्रिया को ऑनलाइन कर दिया लेकिन इसमें छात्रों को आवेदन करने के बाद विश्वविद्यालय की सिंगल विंडो पर आकर फॉर्म जमा करना होता था। साथ ही कई बार विश्वविद्यालय के चक्कर लगाने पड़ते थे। लेकिन अब छात्र आवेदन करने के 15 दिनों बाद विश्वविद्यालय पहुंच कर सिंगल विंडो से अपनी डिग्री ले सकते हैं। दावा यह किया जा रहा है कि ऑनलाइन आवेदन के पांच दिन बाद ही छात्रों को डिग्री उपलब्ध करा दी जाएगी। हालांकि ऑनलाइन आवेदन व सिंगल विंडो से 15 दिनों में डिग्री देने की प्रक्रिया फिलहाल लागू है।
विश्वविद्यालय ने छात्र हित को देखते हुए डिग्री की प्रक्रिया को ऑनलाइन किया है। छात्रों को अपने जनपदों से ऑनलाइन आवेदन करने के 15 दिन बाद सिर्फ डिग्री लेने आना होगा। इस प्रक्रिया का और सरलीकरण किया जा रहा है। छात्र-छात्राओं के मोबाइल पर डिग्री बनने की जानकारी मैसेज के माध्यम से देने व ऑनलाइन आवेदन के पांच दिन बाद डिग्री उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह प्रक्रिया जल्द ही लागू होगी।
- डॉ. एसएन शुक्ला, प्रभारी कुल सचिव