मंत्री मौर्य का फूंका पुतला, जताया विरोध
अप्टा मजरे इटौरा बुजुर्ग हत्याकांड को लेकर नाराजगी
अमर उजाला ब्यूरो
रायबरेली। ऊंचाहार थाना क्षेत्र के अप्टा मजरे इटौरा बुजुर्ग गांव में हुई पांच लोगों की हत्या के मामले को लेकर लोगों का आक्रोश अभी थमा नहीं है। युवा ब्राह्मण चेतना सेना के सदस्यों ने रविवार को कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया।
डिग्री कॉलेज चौराहे पर रविवार को सेना के नारेंद्र कुमार पांडेय, प्रेमशंकर मिश्रा, देव कुमार, आलोक आदि एकत्र हुए और कैबिनेट मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और उनका पुतला फूंक दिया। पदाधिकारियों ने मंत्री के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। सभी ने मंत्री को बर्खास्त करने, साजिश का मुकदमा दर्ज करने, पीड़ित परिवारों को एक-एक करोड़ का मुआवजा देने, आरोपियों पर रासुका की कार्रवाई करने के साथ घटना की सीबीआई जांच की मांग की।
इनसेट
शिवसेना ने भी उठाई आवाज
जिला मुख्यालय पर शिवसेना की जिला कार्यकारिणी की बैठक हुई। इसमें अप्टा मजरे इटौरा बुजुर्ग कांड की कड़े शब्दों में निंदा की। शिवसेना के जिला प्रमुख अजय सिंह ने कहा कि दोषियों पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर डीएम और एसपी से मिलकर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की जाएगी। इस मौके पर धीरज कुमार गुप्ता, सुधाकर दीक्षित, कुलदीप प्रकाश आदि मौजूद रहे।
इनसेट
परिवारीजनों से मिले भाजपा नेता, जताया शोक
भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक अतुल सिंह समर्थकों के साथ ऊंचाहार थाना क्षेत्र के देवेश शुक्ला की ससुराल पूरे भुसई और पूरे झमनी का पुरवा पहुंचकर नाना-नानी से मिले और घटना पर दुख जताया। भुसई गांव में रोहित के भाई देवेश शुक्ला की ससुराल है, जबकि पूरे झमनी का पुरवा ननिहाल है। इस मौके पर डीएन पाठक, राजकुमार तिवारी, शैलेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।